सड़कों पर उतरी पुलिस, छह घंटे में 1600 अपराधी पकड़े, कान पकड़कर मांगी माफी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चार जोन में सुबह पांच बजे तक चली धरपकड़, 30 चाकूबाज भी पकड़े। अपराधियों से भर गई सभी थानों की हवालात। पुलिस ने थाने में करवाई परेड।

पुलिस आयुक्त ने चारों जोन के डीसीपी को थानों के पुलिस बल के साथ रवाना किया गया था।रात 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई सुबह पांच बजे तक चली, इस दौरान 30 चाकूबाज भी पकड़े।लसूड़िया थाना पुलिस ने सबसे ज्यादा 64 तो परदेशीपुरा पुलिस ने 54 अपराधियों को पकड़ा।

इंदौर पुलिस ने एक रात में 1583 अपराधियों को पकड़ लिया। छापामार कार्रवाई रविवार तड़के पांच बजे तक चली। वारंटी, फरार आरोपितों के साथ 30 चाकूबाज भी पकड़े हैं। कार्रवाई के दौरान डीसीपी और एडीसीपी स्वयं मैदान में डटे हुए थे।पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर के मुताबिक, चारों जोन के डीसीपी को थानों के पुलिस बल के साथ रवाना किया गया था। छापे के पहले पुलिस कंट्रोल रूम (पलासिया) पर ब्रीफिंग की गई। पुलिसकर्मियों को कहा कि छापे की वीडियोग्राफी करें। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों से अभद्रता न करें। कोई अपराधी बीमार हो तो उसे तुरंत अस्पताल भिजवाएं।

रातभर में 862 वारंट किए तामील
पुलिस ने रातभर में 862 समंस/वारंट तामील करवाए। 234 स्थायी, 224 गिरफ्तारी और 201 जमानती वारंट तामील हुए। धारा 110 के 73 और 107(16) के 189 नोटिस सौंपे गए। पुलिस ने 259 अपराधियों को चेक दिया।1 22 निगरानीशुदा बदमाशों के घर दबिश दी गई। पूरी कार्रवाई के दौरान 30 चाकूबाज पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

- Advertisement -

रात को हत्थे चढ़े बदमाश, दिन में माफी मांगने लगे
सभी थानों की हवालात आपराधिक तत्वों से भर गई। कुछेक को हिदायत देकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया। जो फरार थे उनकी गिरफ्तारी ली गई। परदेशीपुरा पुलिस ने 54 अपराधियों पर कार्रवाई की। इन बदमाशों की थाना में परेड़ करवाई गई। थाना के सामने खड़े होकर माफी मांगी। जिन लोगों के वारंट जारी हुए थे, उन्होंने कहा कि तारीख पेशी कभी नहीं चूकेंगे।

लसूड़िया पुलिस ने पकड़े सबसे ज्यादा अपराधी
एडीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह के मुताबिक, लसूड़िया थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। यहां पुलिस ने 64 अपराधियों को पकड़ा। टीआइ तारेश सोनी ने अपहरण के आरोपित राहुल बहादुरसिंह को पकड़ा।

Exit mobile version