- सूचीबद्ध बदमाश भाई ने भी जबर्दस्ती की कोशिश की, मुख्य आरोपित गिरफ्तार।
सराफा थाने में लव जिहाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने अफाक मंसूरी और उसके भाई आकिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। अफाक ने शादीशुदा महिला से शारीरिक संबंध बनाए और उसका वीडियो भी बना लिया। वह पीड़िता को जबर्दस्ती अजमेर ले गया और मतांतरण का दबाव बनाया। पुलिस ने अफाक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी चोर बाजार (राजवाड़ा) में कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान है।
शादी का बोला, जबर्दस्ती संबंध बना लिए
सराफा टीआइ अभय नेमा के मुताबिक 28 वर्षीय पीड़िता पति से विवाद के बाद परदेशीपुरा क्षेत्र में माता-पिता के पास रहती है। उसका एक बेटा भी है। पिछले वर्ष सितंबर में अफाक से नौकरी के संबंध में फोन पर बात हुई थी। अफाक ने उसकी दुकान पर काम पर रखा लिया था। इस दौरान अफाक ने उससे कहा कि वह पसंद करता है। शादी का बोला और अक्टूबर में जबर्दस्ती संबंध बना लिए।
वीडियो वायरल करने की धमकी
वह स्वयं को कुंआरा बता कर शादी करने का बोलता रहा। जब पीड़िता को पता चला कि अफाक शादीशुदा है और पत्नी गर्भवती है तो पीड़िता ने दूरी बना ली। अफाक ने उसको ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसका आपत्तिजनक वीडियो बताया और कहा कि वह उसको इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देगा। उसने कहा कि तुम मतांतरण कर लो। हमारे धर्म में सब जायज है।
उसके भाई आकिफ ने भी जबर्दस्ती करने की कोशिश की और धमकाया कि वह सूचीबद्ध बदमाश है। पीड़िता ने यह भी बताया कि अफाक वीडियो की धमकी देकर अजमेर ले गया और कहा कि मतांतरण का दबाव बनाया। पीड़िता जैसे-तैसे इंदौर लौटी और परिचितों के माध्यम से थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखवाई।
खतना कांड : आरोपित इलियास कुरैशी से पूछताछ
बालक मनन जैन का खतना करने के मामले में पुलिस ने रजा कालोनी (खजराना) के इलियास कुरैशी को रिमांड पर लिया है। टीआइ दिनेश वर्मा के मुताबिक इलियास मनन की मां प्रार्थना का स्कूल का दोस्त है। वह पहले भी प्रार्थना को अपहरण कर ले गया था। उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई लेकिन कोर्ट में पीड़िता ने बयान बदल दिए। उसके खिलाफ सिवना, बाड़मेर थाना में भी केस दर्ज हो चुका है। राजस्थान पुलिस से उसके संबंध में जानकारी मांगी है।
