लोकमाता अहिल्या बाई के जन्मदिवस पर पूर्ण उत्साह और उल्लास से मनाया गया इन्दौर गौरव दिवस

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

.लोकमाता अहिल्या बाई का जन्मदिवस इंदौर में पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय नेहरू स्टेडियम के विशाल मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया गया।

.इस कार्यक्रम में नागरिकों ने पूर्ण उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के साथ ही अन्य कार्यक्रम भी हुए। सुप्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान के सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियां भी समारोह के दौरान हुई। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है। इंदौर मध्यप्रदेश की धड़कन है। इंदौर का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंदौर के विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी जा रही है। यहां तेजी से हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर सोलर सिटी बने, इस दिशा में सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने सोलर सिटी बनाये जाने के लिये नागरिकों को संकल्प भी दिलवाया। उन्होंने कहा कि इंदौर में अहिल्या लोक भी बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुष्टों का दमन एवं सज्जनों का उद्धार राजधर्म है। उन्होंने निर्देश दिये कि इंदौर में अपराधियों के विरूद्ध गंभीर प्रयास करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाये। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इंदौर स्वच्छता में इस बार भी पूरे देश में अव्वल आये, इसके लिये और अधिक गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक शहर स्वच्छता में अव्वल जाने के लिये गंभीरता से जुटे हुए हैं। इंदौरियों को चेताते हुए कहा कि यह ध्यान रखें कि कहीं चूक नहीं हो जाये। सब सावधान रहें। सब मिलकर इंदौर को पुन: अव्वल जाने के लिये पुरजोर प्रयास करें। स्वच्छता इंदौर की पहचान और ब्राण्ड है। इसे हर हाल में कायम रखा जाये।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर नगर निगम द्वारा बनाये जाने वाले उमंग पार्क के कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने सोलर सिटी के संकल्प पत्र का विमोचन किया। वृक्ष एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री जी ने इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा स्टार्टअप के सहयोग के लिये बनाये गये इन्क्यूबेशन सेंटर का शुभारंभ भी किया।

Exit mobile version