इंदौर। जबरन कालोनी में हुई युवती की हत्या में आरोपित अभी तक फरार है। पुलिस आरोपित को पहचान तक नहीं कर पाई है। युवती के स्वजन ने तो शव स्वीकारने से इन्कार कर दिया है। डीसीपी जोन-4 आरके सिंह के मुताबिक, युवक और युवती मरीमाता (जबरन कालोनी) निवासी त्रिलोक के मकान में 5 दिसंबर को ही रहने आए थे। दोनों ने स्वयं को पति-पत्नी बताया था। रात में ही युवक ने युवती की हत्या कर दी।
स्वजन ने शव लेने से किया इनकार
अंकसूची के आधार पर युवती की निकिता प्रजापति निवासी सागर के रूप में पहचान हुई, लेकिन युवक का कुछ भी पता नहीं चल पाया। टीआइ आमोदसिंह राठौर के मुताबिक, निकिता के शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। भाई व पिता ने शव लेने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि निकिता का रहन-सहन सही नहीं था। वे उससे संबंध तोड़ चुके हैं।
