मुस्लिम युवकों का हिंदू महिलाओं पर हमला, मददगारों को भी डंडों से पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

बंबई बाजार के सामने शुक्रवार दोपहर मुस्लिम युवकों ने हिंदू परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट कर दी। घायलों की मदद करने आए स्वजन और अन्य पुरुषों को भी बेरहमी से पीटा गया। इस घटना से बंबई बाजार, जवाहर मार्ग, बजाजखाना चौक में हड़कंप मच गया। हिंदू संगठन के पदाधिकारी, भाजपा विधायक और हिंद रक्षक संगठन के कार्यकर्ताओं को थाने पहुंचना पड़ा।
घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बंबई बाजार पुलिस चौकी के सामने जवाहर मार्ग की है। जगजीवनराम नगर निवासी शिपिका वर्मा, बहन नेहा के साथ खरीदारी करने गई थी। लौटते वक्त जवाहर मार्ग पर नेहा की सात वर्षीय बेटी तनवी ने सड़क पर रखे बैनर पर पैर रख दिया। दुकानदार अलताफ ने महिलाओं से अभद्रता की और तनवी को पीट दिया। वह बच्ची का हाथ पकड़कर अंदर ले जाने लगा। विरोध करने पर महिलाओं पर भी हाथ उठाया।

पति साथियों के साथ बचाने पहुंचा तो उन्हें भी पीटा
शिपिका ने पति सचिन वर्मा को कॉल कर घटना बताई। सचिन साथी दिनेश राजौरे, सन्नी आदि के साथ मौके पर पहुंचा तो अलताफ के साथी भी आ गए। आरोपितों ने डंडे निकालकर सभी को पीट दिया। अलताफ ने कपड़ा काटने वाला छुरा उठा लिया। हमले में दिनेश की अंगुली टूट गई, जबकि सचिन, सन्नी, शिपिका को भी चोट आई है। जोन-4 के एडिशनल डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, अलताफ को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की शिनाख्त कर रहे है। फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है।

अवैध कब्जे कर हिंदू परिवारों को धमका रहे दुकानदार
मुस्लिम बाहुल्य इलाके में विवाद की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अलताफ ने कई लोगों को बुला लिया। हिंदू परिवार पर हुए हमले को हिंदू संगठनों ने गंभीरता से लिया और करीब 200 लोग सराफा थाने पहुंच गए। विधायक आकाश विजयवर्गीय, हिंद रक्षक संयोजक एकलव्य गौड़ सहित हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी भी थाने पहुंचे। एडीसीपी अभिनय विश्वकर्मा, एसीपी एसकेएस तोमर से कहा कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए हैं। सड़क पर ही झंडे-बैनर बनाते हैं। राहगीरों से आए दिन विवाद करते हैं। गौड़ ने कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि ऐसे लोगों के हौसले पस्त करने की आवश्यकता है।

प्राणघातक हमले की धारा लगाई
दो वर्गों में झगड़े की खबर मिलते ही तीन थानों का बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पांच लोगों का मेडिकल चेकअप करवाया और आरोपित अलताफ को नामजद मुलजिम बनाया। उसके खिलाफ प्राणघातक हमले की धारा लगाई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

- Advertisement -

अंदर ही अंदर फिजा बिगाड़ने की कोशिश कर रहे उपद्रवी
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उपद्रवी शहर की फिजा बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में अंदर ही अंदर साजिश की रही है। सोमवार को चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित बांक में मुस्लिम युवकों ने शीतला माता मंदिर में तोड़फोड़ कर दी थी। मंगलवार को मोहनपुरा स्थित गणेश व भेरू मंदिर में तोड़फोड़ का प्रयास हुआ। पदाधिकारियों ने उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version