महाकाल की तर्ज पर बनेगा लक्ष्मी बाई नगर रेलवे स्टेशन, कैलाश विजयवर्गीय की मांग पर स्टेशन की बनेगी नई डिजाइन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर शहर को रेलवे में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक से भाजपा के प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गी के आह्वान पर केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विन वैष्णव शुक्रवार को लक्ष्मीबाईनगर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि लक्ष्मीबाईनगर को महाकाल लोक की तर्ज पर डिजाइन किया जाएगा‌ इंदौर रेलवे का बहुत बड़ा सेंटर बनने जा रहा है, छ: तरफ से इंदौर को रेलवे के नेटवर्क से जोड़ने का काम काफी तेजी से चल रहा है। इंदौर खंडवा, इंदौर-दाहोद, इंदौर-मनमाड़, इंदौर- जबलपुर वाया बुधनी लाइन पर काम हो रहा है। इंदौर के मुख्य रेलवे स्टेशन का एक बड़ा प्लान बनाया जा रहा है। इसके साथ ही लक्ष्मीबाईनगर स्टेशन के विकास का काम भी हाथ में लिया जा रहा है।

दोनों तरफ से होगी एंट्री-एग्जिट- मंत्री ने बताया कि लक्ष्मीबाई नगर की स्टेशन बिल्डिंग भागीरथपुरा और बाणगंगा, दोनों हिस्सों को जोड़ती हुए बनेगी। उसमें रूफ प्लाजा, लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाएंगे। स्टेशन का डिजाइन महाकाल की संस्कृति से प्रेरित होगा। इन सबके एप्रूवल हो गए हैं और बहुत जल्द यहां पर कार्य शुरू करेंगे। लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन को इंदौर का मेजर हब बनाएंगे, जिस तरह इंदौर का विकास इस तरफ हो रहा है, उस हिसाब से इंदौर के विकास में रेलवे और लक्ष्मीबाई स्टेशन दोनों बड़ी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा चार मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल इंदौर के आसपास के एरिया में बना रहे हैं जो की इंदौर के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास में बहुत बड़ा रोल अदा करेंगे।
नई बनेगी डिजाइन
विजयवर्गीय ने कहा कि हमने रेलवे मंत्री से मांग की थी कि लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का विकास इस तरह से किया जाए कि यह भक्तिमय नजर आए। इंदौर के एक और महाकाल है तो दूसरी ओर ओंकारेश्वर । इस वजह से रेलवे स्टेशन का विकास महाकाल की तर्ज पर किया जाए। हालांकि लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए पहले ही डिजाइन तय की जा चुकी है और इसका भूमिपूजन भी पूर्व में किया जा चुका है। लेकिन अब कैलाश विजयवर्गीय के आह्वान पर केंद्रीय रेलवे मंत्री ने महाकाल की तर्ज पर स्टेशन का नया डिजाइन तैयार करवाने की बात कही है।

Exit mobile version