भारत-आस्‍ट्रेलिया टेस्‍ट के दौरान ड्रेसिंग रूम से 2 युवक गिरफ्तार, बम दस्ता बुलाया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • मैच के दौरान दो युवक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए भारतीय खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गए।

इंदौर। होलकर स्‍टेडियम में भारत और आस्‍ट्रेलिया के बीच टेस्‍ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन खिलाड़ियों की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई। मैच देखने आए दो युवक भारतीय खिलाड़ियों केे ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गए।उन्‍होंने भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा के साथ सेल्फी भी ले ली। इस खबर के फैलने पर हड़कंप मचा तो पुलिस बुलाई गई। इसके साथ ही स्‍टेडियम में बम निरोधक दस्ता बुलाया गया और ड्रेसिंग रूम के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।

वाकया गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे का है। भारत और आस्ट्रेलिया का मैच चल रहा था कि दो युवक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए भारतीय खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गए। उन्हें देख कर खिलाड़ी भी चौंक गए। इस दौरान युवकों ने भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के साथ सेल्फी भी खिंचवा ली।
ड्रेसिंग में बाहरी को देख सुरक्षाकर्मी और एमपीसीए पदाधिकारी घबरा गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को पकड़ कर तुकोगंज पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपित कय्यूम पुत्र जाकिर निवासी मेवाती मोहल्ला और जावेद पुत्र मोहम्मद युसूफ निवासी मेवाती मोहल्ला को गिरफ्तार किया।

टीआइ कमलेश शर्मा के मुताबिक दोनों युवक क्रिकेट फैंस थे।पुलिस ने उन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और एसीपी कोर्ट में पेश कर दिया। इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तत्काल बम निरोधक दस्ता बुलाया गया।टीम ने ड्रेसिंग रुम के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

- Advertisement -
Exit mobile version