भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं में संगठन और सरकार को लेकर जो असंतोष पनपा है उससे पार्टी में नीचे से लेकर ऊपर तक हलचल है। असंतोष की बड़ी परिणीति के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र और पूर्व मंत्री दीपक जोशी तो बड़े गुस्से के साथ भाजपा को अलविदा कहकर कांग्रेस में ही चले गए। दूसरी तरफ भंवरसिंह शेखावत ने भी अपनी नाराजगी बहुत तल्ख लहजे में सामने रखी। उन्होंने तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए नेताओं पर सीधा निशाना साधा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी कुछ वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी सामने आई है। भाजपा में अब इस बात पर मंथन हो रहा है कि अलग-अलग जगह से सही, लेकिन एक ही समय पर असंतोष का यह बवाल उठा है। असंतोष की यह आग लगाने वाले कौन हाे सकते हैं, उनकी भी टोह ली जा रही है।
