- पुलिस ने कहा- बैंककर्मी दुष्यंत शर्मा और उसके पड़ोसी विकास पटेल में चल रहा है विवाद, जिसकी शिकायत विकास ने की थी।
सर्व ब्राह्मण युवा संगठन ने गुरुवार को लसूड़िया थाना घेरा। आरोप लगाया कि पुलिस ने एवजी के इशारे पर बैंककर्मी दुष्यंत शर्मा को पीटा है। उसे अवैध पिस्टल रखने और ड्रग्स बेचने के आरोप में फंसाने की धमकी दी है। पुलिस ने कहा कि दुष्यंत पर मारपीट का आरोप है। पड़ोसी विजय कुमार पटेल ने उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर का है। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी दोपहर को थाने पहुंचे और कहा कि पुलिस दो दिन से दुष्यंत को पकड़ कर बैठी है। दुष्यंत बैंककर्मी है और संगठन से जुड़ा है। पदाधिकारी संदीप जोशी ने टीआइ से बात की तो दुष्यंत को कैबिन में बुलाकर पीटा। उससे कहा कि समाजजन को समझा लेना वरना पिस्टल और ड्रग मामले में फंसा दूंगा। उसके साथ मारपीट भी की गई। संदीप ने कहा कि दुष्यंत का पड़ोसी विकास से विवाद चल रहा है। दो दिन पूर्व जन्मदिन पर हुए सुंदरकांड में न बुलाने पर उसने शिकायत की है। वह कार पर हूटर और पुलिस को मोनो लगा कर घूमता है।
पुलिस का कहना- झूठे आरोप लगा रहा
टीआइ संतोष दूधी के मुताबिक, दुष्यंत ने विजय को एयरगन से धमकाया था। उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। एसआइ नरेंद्र जैसवार द्वारा थाने बुलाने पर वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी। वह पुलिस पर दबाव बनाने के लिए झूठे आरोप लगा रहा था।
गोली चलाते हुए वीडियो मिला, केस
पुलिस ने दुष्यंत पर एफआइआर दर्ज करवाने वाले विजय पटेल निवासी महालक्ष्मी नगर के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। टीआइ के मुताबिक, मूलत: जबलपुर निवासी विजय स्वयं को क्राइम कंट्रोल एंड इन्वेस्टिगेशन विंग से जुड़ा होना बताता है। उसका एक वीडियो मिला है, जिसमें वह गोली चलाता हुआ नजर आ रहा है।
