पार्टी करने के लिए फिरौती वसूलने छात्र ने की स्वयं के अपहरण की साजिश

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

कालेज के छात्र ने बेल्ट से पीटते हुए वीडियो पिता को भेजा, विजय नगर थाना पुलिस ने तीन को पकड़ा, इंदौर पुलिस ने देवास में छापा मारकर छात्र और उसके दोस्तों को पकड़ा।

विजय नगर थाना पुलिस ने देवास से छात्र के तीन दोस्तों को साजिश में शामिल होने पर गिरफ्तार किया है।
कालेज छात्र ने स्वयं के अपहरण की साजिश कर ली। वह दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए पिता से फिरौती वसूलना चाहता था। छात्र के पिता एलआइसी एजेंट हैं। छात्र ने बेल्ट से पीटते हुए वीडियो भी भेजा ताकि पिता घबरा कर रुपयों का बंदोबस्त कर लें। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जो छात्र के दोस्त हैं। तीनों पर साजिश में शामिल होने का शक है। विजय नगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक, अंबेनगर (देवास) निवासी मुकेश बड़ौतकर ने बेटे आयुष के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मुकेश ने कहा कि आयुष वैष्णव कालेज में पढ़ाई करता है। 28 जुलाई को वह कोचिंग के लिए रवाना हुआ था। रेडिसन चौराहे पर अज्ञात बदमाशों ने आयुष को अगवा कर लिया। रिहाई के बदले उससे 50 हजार रुपयों की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने तुरंत लोकेश निकालकर मारा छापा

- Advertisement -

टीआइ के मुताबिक, पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज किया और छात्र और अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी। साइबर सेल से जानकारी मिली कि आरोपितों के फोन की लोकेशन देवास में मिल रही है। शनिवार रात पुलिस ने आयुष को देवास में सिविल लाइन से बरामद कर लिया। तीन आरोपित अंकित मालवीय, सुमित सवालिया और आकाश चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोस्तों को पार्टी देने के लिए रचा षड्यंत्र
टीआइ के मुताबिक, आयुष कोचिंग के लिए रवाना हुआ था। उसने पिता मुकेश को कॉल कर कहा कि होटल रेडिसन के पास चार-पांच लोगों ने पकड़ लिया है। आयुष ने फर्जी अपहरणकर्ता से बात करवाई और मुकेश से 50 हजार रुपये मांगे। उसने कहा कि रुपये न देने पर आयुष की पिटाई करेंगे। आरोपितों ने एक वीडियो बनाया जिसमें दोस्त आयुष की पिटाई कर रहा था। हालांकि, वह वीडियो अंधेरे में बनाया था और पिटाई भी फर्जी थी। पुलिस साजिश में शामिल गोलू ठाकुर की तलाश कर रही है।

Exit mobile version