पायजामे के नाड़े और अंदरूनी अंग में छुपाकर लाया सोना, इंदौर एयरपोर्ट पर कस्टम ने पकड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

  • एयर इंडिया की शारजाह से आई उड़ान एक्सप्रेस आइएक्स 256 से उतरा था अमरोहा उत्तर प्रदेश का व्यक्ति। पेस्ट बनाकर छुपाया था सोना।
  • एयर इंडिया की शारजाह से सोमवार शाम आने वाली उड़ान में सवार होकर इंदौर पहुंचा था यात्री।
  • यात्री की एक्सरे जांच में शरीर के भीतर फारेन बाडी यानी बाहरी चीज होने का पता चला था।
  • 11.91 लाख रुपये कीमत का था सोना, इसलिए नियम के तहत आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।

इंदौर। देवी अहिल्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम ने सोना तस्करी का अनोखा मामला पकड़ा है। शारजाह से आए एक यात्री ने सोना अपने पायजामे के नाड़े के साथ ही अपने अंदरूनी अंगों में भी छुपा रखा था। एयर इंडिया की शारजाह से सोमवार शाम आने वाली उड़ान में सवार होकर यात्री इंदौर पहुंचा था। मूलत: अमरोहा उत्तर प्रदेश के रहने वाले इस यात्री से सोना तो जब्त हुआ, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
कस्टम कमिश्नरेट को मिली गोपनीय सूचना के बाद इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट और बाहर से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जा रही थी। उत्तर प्रदेश के यात्री के शारजाह से लौटते हुए इंदौर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद शक के आधार पर उसकी जांच की गई। एयर इंडिया की उड़ान एक्सप्रेस आइएक्स 256 से उतरे इस यात्री की एक्सरे जांच में शरीर के भीतर फारेन बाडी यानी बाहरी चीज होने का पता चला। इसके बाद पूछताछ और जांच में इसके कपड़ों में भी सोना छुपाने की बात सामने आई।

कैप्सूल के अंदर रख सोना शरीर में छुपाया था
कस्टम अधिकारियों ने मेडिकल टीम की मदद से यात्री के रेक्टम (गुदा) से 72 ग्राम सोना बरामद किया। कैप्सूल के अंदर रखकर यात्री ने सोना अपने शरीर में छुपाया था। जांच में यात्री के पायजामे के नाड़े से भी सोना निकला। अधिकारियों के अनुसार, सोने को पेस्ट बनाकर इसे छुपाया गया था। कुछ रसायनों की मदद से 162.80 ग्राम सोने को पेस्ट में तब्दील कर प्लास्टिक फिल्म में भरकर इसे पायजामे के नाड़े में छुपाया गया था। इसी पेस्ट को रेक्टम में रखे गए कैप्सूल में भी रखा गया था।
गिरफ्तारी से बचा आरोपित
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, सोना तस्करी करने वाला व्यक्ति किसी गिरोह का कैरियर प्रतीत हो रहा है। यात्री के पास से कुल 234.8 ग्राम विदेशी सोना पकड़ा गया। हालांकि, यात्री को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। सोना जब्त कर उससे टैक्स-ड्यूटी वसूली और जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, कानूनन 50 लाख रुपये या उससे अधिक मूल्य का सोना बरामद होने पर ही गिरफ्तारी का प्रविधान है। ताजा प्रकरण में बरामद सोने का मूल्य 11.91 लाख रुपये है। यात्री को बयान लेकर छोड़ दिया गया है। यदि वह फिर से ऐसा करते पकड़ा गया तो उसकी गिरफ्तारी हो सकेगी, भले ही सोने का मूल्य 50 लाख से कम हो। दरअसल, तस्करी गिरोह की रणनीति होती है कि वे अलग-अलग एयरपोर्ट पर अपने कैरियर को उतरवाते हैं। कम मात्रा लाते हैं, ताकि गिरफ्तारी से बच सके।

Exit mobile version