इंदौर में एएसआइ की बेटी को लूटने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, छह वारदातें कबूली

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा। इनमें एक आरोपित नाबालिग है।
  • इंदौर में आरोपितों ने सिलसिलेवार वारदात की थी। आरोपितों से लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
  • गिरफ्तार आरोपितों ने विजय नगर, एमआइजी और हीरानगर थाना क्षेत्रों में भी लूटपाट की घटनाएं की थी।
  • क्राइम ब्रांच ने आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना स्थल एमआइजी थाना पुलिस को सौंप दिए हैं।

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने इंदौर में एएसआइ की बेटी से मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने सिलसिलेवार वारदात की थी। पूछताछ में उन्होंने छह वारदातें स्वीकार ली है। लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। आरोपितों को एमआइजी थाना पुलिस के सुपुर्द किया है।

डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, सतना में पदस्थ एएसआइ नागेश की बेटी अंजली से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उस वक्त फोन लूट लिया जब वह छोटी खजरानी की तरफ जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात आरोपित भरत उर्फ छोटू ठाकुर निवासी सोमनाथ की जूनी चाल, ऋतिक निवासी सोमनाथ की जूनी चाल और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी के मुताबिक, आरोपितों ने विजय नगर, एमआइजी और हीरानगर थाना क्षेत्र की छह घटनाएं कबूली हैं।

इधर झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूटे
आजाद नगर में सोमवार को फिर लूट की घटना हो गई। बाइक सवार दो बदमाश 16 वर्षीय स्मिता चाकरे से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मूलत: जावर जिला खंडवा निवासी स्मिता न्यू पंचशील नगर में रहती है। घटना नेमावर रोड़ पर हनुमान मंदिर के पास हुई है। इसी तरह चंदन नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने मेहबूब निवासी कानवन तहसील बदनावर से फोन लूट लिया।

Exit mobile version