परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिकाएं पहुंचाकर लौट रहे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की गाड़ी का गुरुवार रात को एक्सीडेंट हो गया। हादसे में दो कर्मचारियों को गंभीर चोट आई है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक, बाइक सवार रांग साइट से आया। उसे बचाने में गाड़ी डिवाइडर से जाकर टकरा गई। अधिकारियों के मुताबिक, कापियां धार स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचाई गई थी।
दरअसल, इन दिनों स्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षा चल रही है। विश्वविद्यालय अलग-अलग जिलों में बने परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र-उत्तरपुस्तिका व परीक्षा सामग्री पहुंचाने में लगा है। गुरुवार को धार जिले में बने केंद्रों पर कापियां लेकर पुष्पेंद्र और कपिल चौधरी इंदौर से गए थे। लौटते समय बदनावर में गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। पहले दोनों कर्मचारियों को धार के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, मगर बाद में इंदौर रेफर कर दिया।
कर्मचारियों ने पहले ही गाड़ी खराब होने की जानकारी दी थी
पुष्पेंद्र का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि कपिल का जबड़ा टूट गया है। कर्मचारियों ने गाड़ी खराब होने की शिकायत भी विश्वविद्यालय के अधिकारियों से की थी। डिप्टी रजिस्ट्रार रचना ठाकुर ने कहा कि परीक्षा सामग्री केंद्र में पहुंचाकर कर्मचारी लौट रहे थे। दोनों की हालात अभी ठीक है। कुलपति व अधिकारी अस्पताल जाकर कर्मचारियों से मिलकर आए हैं।
