नेग की बात को लेकर फिर भिड़े किन्नर:तीन दिन पहले हुए विवाद के बाद चाकुओं से गोदा, हत्या के प्रयास को लेकर की कार्रवाई

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर में किन्नरों के दो गुट के बीच चल रही गैंगवार को लेकर विजय नगर इलाके में सोमवार शाम एक किन्नर को तीन से अधिक किन्नरों के गुट ने चाकूओं से गोद दिया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिये एमवाय लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर अन्य साथी किन्नर भी इकट्‌ठा हो गए। सूचना के बाद डीसीपी भी मौके पर पहुंचे। इधर रात में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। देर रात तक किन्नर एमवाय अस्पताल में भी इकट्‌ठे बैठे रहे।

विजयनगर पुलिस के मुताबिक शीबो कुंवर निवासी नंदलालपुरा की शिकायत पर बाला उर्फ हेंमत रेकवार निवासी परदेशीपुरा, पलक उर्फ आलोक शर्मा और अन्य साथियों के खिलाफ धमकाने और जानलेवा हमला करने के मामले में केस दर्ज किया है। शीबो कुंवर ने बताया कि वह और उसकी गुरु खुशबू दीपावली का नेग मांगने स्कीम नंबर 54 सिक्का स्कूल के सामने आए।
यहां बाला और पलक ने उन्हें रोका और गालियां देने लगे। हमें इंदौर छोड़ने की धमकी भी दी। हमसे कहा कि नंदलाल पुरा की 10 करोड़ की संपत्ति हमारी है। यह संपत्ति हमारे नाम पर करो नहीं तो जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद गुरु खुशबू को मुंह पर घूंसा मारा। इससे खुशबू के दांत गिर गए। इसके बाद बाला ने चाकू निकालकर खुशबू की पीठ पर मार दिया। पलक ने मेरे साथ भी मारपीट की। मैंने मदद मांगी तो भीड़ इकट्‌ठा हो गई। यह देख बाला और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
थाने पहुंचे किन्नर यहां से एफआईआर दर्ज कराकर अस्पताल आए

किन्नर इसके बाद विजयनगर थाने पहुंचे, हंगामे के बाद अफसरों ने केस दर्ज करने की बात की। एफआईआर की कॉपी मिलने के बाद किन्नर वहां से एमवाय अस्पताल आकर डटे रहे। काफी देर तक अफसर किन्नरों को लेकर हालाकान होते रहे।
विजयनगर से फरार है बाला

जिस बाला किन्नर ने खुशबू पर हमला किया। उसके खिलाफ शुक्रवार रात भी किन्नरों ने परदेशी पुरा थाने में मारपीट और धमकाने के मामले में केस दर्ज कराया था। जानकारी के मुताबिक खुशबू किन्नर ने ही यहां बाला पर रास्ता रोककर मारपीट करने की शिकायत की थी। उस दिन भी बाला ने नेग मांगने के दौरान किन्नरों से विवाद किया। फरारी के दौरान ही बाला ने विजय नगर में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।

- Advertisement -
Exit mobile version