आरोपित ने आलोक नगर में एक वृद्धा को तब लूट लिया था, जब वह गरबा देखने जा रही थी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर। कनाड़िया थाने की पुलिस ने बाइक सवार लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने नशे के लिए महिला को लूटा था। पुलिस के मुताबिक, गरबा देखने जा रही वृद्धा कल्पना सक्सेना से उस वक्त लूट हुई, जब वह आलोक नगर स्थित बगीचे में गरबा देखने जा रही थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एमआइजी क्षेत्र के आइवोन जेराल्ड निवासी पुष्पनगर खजराना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित फरवरी में नशामुक्ति केंद्र से बाहर आया था। पुलिस घटनास्थल पर ले गई। इस दौरान आरोपित ने वृद्धा से पैर पकड़कर माफी मांगी।
सयाजी होटल में प्रदर्शनी से मोबाइल चुरा ले गई महिला
इंदौर। सयाजी होटल में लगी एक प्रदर्शनी से महिला फोन चुरा ले गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपित महिला को ढूंढ रही है। पुलिस के मुताबिक, वृंदावन पैलेस कालोनी (निपानिया) निवासी जतीन माहेश्वरी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। जतीन के मुताबिक, पर्स में पत्नी सुरभि के तीन मोबाइल फोन रखे हुए थे। प्रदर्शनी देखने आई अज्ञात महिला पर्स से तीनों मोबाइल और रुपये चुरा ले गई।
