घरेलू विवाद में थाने में शिकायत होने पर एएसआइ ने फरियादी से मांगी थी रिश्वत, थाने से जमानत देने का किया था वादा।
इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को पंढरीनाथ थाना के सहायक उप निरीक्षक (एएसआइ) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एएसआइ मारपीट के मामले में गिरफ्तारी की धमकी देकर दलाल के माध्यम से रुपये मांग रहा था। सोमवार को वह रुपये लेने आया और पुलिस ने दबोच लिया।
डीएसपी (लोकायुक्त) प्रवीण सिंह बघेल के मुताबिक, सुखदेव नगर निवासी गगन आनंद जैन द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी। गगन ने कथनों में बताया कि उसके साले हर्ष नीमा के विरुद्ध पत्नी ने पंढरीनाथ थाना में शिकायत की थी। घरेलू मामले में भी एएसआइ जितेंद्र कुमार कोकाटे दलाल रत्नेश पूरी के माध्यम से रुपयों की मांग कर रहा था। रत्नेश ने स्वयं को पत्रकार बताया और कहा कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर पीटेगी।
आवाज रिकार्ड कर लोकायुक्त में कर दी शिकायत
एएसआइ ने 10 हजार रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा। उसने कहा कि रुपये देने पर थाने से जमानत करवा देगा। हर्ष और गगन ने दोनों की आवाज रिकार्ड कर एसपी (लोकायुक्त) एसएस सर्राफ को शिकायत कर दी। टीम ने सोमवार दोपहर एएसआइ कोकाटे को गिरफ्तार कर लिया। एएसआइ की रविवार को रात्रि गश्त थी। वह घर से रुपये लेने आया और सादे कपड़ों में तैनात पुलिसवालों ने पकड़ लिया।
