खुडै़ल इलाके में पिछले दिनों एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया था। इस मामले में परिवार ने धर्म विशेष के युवक पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप लगाया था। इस मामले में समाज के लोगों ने बुधवार को कलेक्टर ऑफिस में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाने, उनका मकान जमींदोज करने, पीड़ित परिवार को दस लाख रुपए का मुआवजा दिलवाने और परिवार के किसी भी सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की है।
मामला खुडै़ल के काजी पलासिया का है। कॉलेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई करने वाली एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। छात्रा की मौत के बाद परिवार के लोगों ने असद हुसैन पर आरोप लगाया था। आरोपी युवक मृतका पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था। इसके चलते छात्रा परेशान थी। परिजनों ने असद हुसैन पर लड़की को परेशान करने और सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
बुधवार को बावीसा ब्राह्मण समाज इंदौर की तरफ से राज्यपाल के नाम दिए ज्ञापन में बताया गया कि असद, शब्बीर हुसैन, असद की मां शहनाज के द्वारा लड़की को इतना प्रताड़ित किया गया, जिससे कारण उसने मौत को गले लगा लिया। जानकारी मिली है कि जो जहरीला पदार्थ मृतका ने खाया गया था, वह भी असद पटेल ने ही उसे लाकर दिया था, जो कि हत्या की श्रेणी में आता है।
लड़की के जहरीला पदार्थ खाने के बाद परिवार एवं इंडेक्स हॉस्पिटल स्टाफ द्वारा पुलिस थाना खुडै़ल को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस अधिकारी उसके बयान लेने नहीं आए। इसके बाद लड़की को बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से खुडै़ल के रहवासियों, शाजापुर, सनावद, बड़वाह, देवास, धार, हरदा आदि जगहों पर रहने वाले समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। घटना से समाज जन व्यथित हैं।
