दिनदहाड़े लूट की वारदात:बस स्टॉप पर युवती से बैग छीनने की कोशिश, थप्पड़ मार मोबाइल ले भागे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

टीसीएस की सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती से बस स्टॉप पर दो बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की। युवती ने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाश ने युवती के सिर पर थप्पड़ मारा फिर मोबाइल छीनकर भाग गए। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार धामनोद की रहने वाली शुभांगी (25) पिता बसंत शर्मा निवासी ओंकार कॉलोनी की शिकायत पर दो बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है। परिजन ने बताया कि शुभांगी टीसीएस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह धामनोद से अपडाउन करती है।
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे युवती कंपनी की बस से गमले वाली पुलिया उतरी। यहां स्टॉप पर धामनोद की बस का इंतजार कर रही थी। तभी दो बदमाश स्कूटी पर आए और शुभांगी का बैग छीनने लगे, उसने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने शुभांगी के सिर पर थप्पड़ मारे और मोबाइल छीनकर भाग गए। युवती ने परिजन को इसकी जानकारी दी।
पुलिस को मिला मोबाइल तो दर्ज की रिपोर्ट
कुछ देर बाद पुलिस ने मोबाइल चुराने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से युवती का मोबाइल मिला। पुलिस ने युवती को बुलाकर थाने में केस दर्ज करवाया। पता चला है कि इन बदमाशों ने और भी लोगों के साथ लूट की है।

Exit mobile version