इंदौर में हुए तुषार संगर हत्याकांड के आरोपित छोटा आदिल को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, गैंगस्टर सलमान लाला के लिए काम करता है आदिल।
इंदौर में हुए तुषार संगर हत्याकांड के आरोपित छोटा आदिल की पानी कारोबारी मदद कर रहा था। उस वक्त गैंगस्टर सलमान लाला का भाई सिद्धू भी साथ था। बाद में अजमेर, नागपुर और नीमच चले गए। पुलिस मददगारों को आरोपित बनाने की तैयारी में है। आदिल के खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लाला गिरोह के लिए काम करता है।
द एड्रेस (निपानिया) निवासी तुषार संगर की गैंगस्टर सलमान लाला के भाई गोलू उर्फ लईक, सिद्धू उर्फ शाहबाज, छोटा आदिल और अन्य ने चाकू मारकर छोटी खजरानी में हत्या कर दी थी। गोलू गिरफ्तार हो चुका है और फिलहाल जेल में बंद है। छोटा आदिल को सोमवार को क्राइम ब्रांच ने पकड़कर एमआइजी पुलिस को सौंपा। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के बाद वह अलग-अलग शहरों में ठहरा। छिंदवाड़ा के गुलफाम अंसारी ने काफी मदद की। अंसारी का पानी का व्यवसाय है। भोपाल में उषा फाटक क्षेत्र में रहने वाली सिद्धू की बुआ भी सहारा दे रही थी।
इसके बाद नागपुर गए और हाईवे पर बनी एक मजार पर रुके। कुछ दिन अजमेर शरीफ पर एक धर्मशाला में दिन गुजारे। इसके बाद दोनों जावरा और नीमच की तरफ घूमते रहे। क्राइम ब्रांच ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापा मारकर पकड़ लिया। सिद्धू मौका पाकर फरार हो गया। टीआइ अजय वर्मा के मुताबिक, आरोपितों पर इनाम घोषित था। फरारी में संरक्षण देने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। इनामी आरोपित की मदद करना अपराध है। उनको भी मुलजिम बनाया जाएगा।
