नशे में कार चला रही थी युवती, बगल में बैठा था डाक्टर, पुलिस का कहना- कार कौन चला रहा था पता नहीं।
इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र के मोरोद हाट में भाई से मामूली कहासुनी के बाद थाने जा रहे सब्जी कारोबारी और उसकी भाभी की 28 जनवरी को सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, सब्जी कारोबारी की पत्नी उमा पत्नी राजपाल (35) निवासी बंजारी को भी गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान गुरुवार शाम को उनकी भी मौत हो गई।
गौरतलब है कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो जाने के बाद भी पुलिस अभी तक कार चालक को पकड़ नहीं पाई है। पुलिस को कार का नंबर भी पता चल गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि कार इंडेक्स कालेज के डाक्टर की है। खुड़ैल पुलिस के मुताबिक, हादसा 28 जनवरी को रात करीब पौने दस बजे ग्राम मोरोद हाट में हुआ था। ग्राम बंजारी में रहने वाली पुष्पा ठाकुर की पति दिलीप से कहासुनी हो गई थी। दिलीप को छोटे भाई राजपाल ने समझाया तो वह उससे भी झगड़ा करने लगा।
भाई की शिकायत करने जा रहे थे थाने
राजपाल भाभी पुष्पा और पत्नी उमा को लेकर भाई की शिकायत करने थाने जा रहा था। जैसे ही वे मोरोद फाटा पहुंचे तेज रफ्तार कार ने राजपाल की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 37 वर्षीय राजपाल की मौके पर मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर पुष्पा ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, इलाज के दौरान राजपाल की पत्नी उमा ठाकुर की भी मौत हो गई। एयर बैग के कारण कार चालक और उसमें सवार लोगों की जान बच गई।
कार चालक अभी भी फरार
जांच अधिकारी एसआर जामोद ने बताया कि हादसे के बाद से कार चालक फरार है। हम नंबरों के आधार पर पता लगा रहे हैं। जांच में यह सामने आया है कि कार किसी डाक्टर की है, लेकिन कार कौन चला रहा था, यह पता नहीं चला है। गौरतलब है कि घटना को छह दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक कार मालिक का पता भी नहीं लगा पाई है।
युवती चला रही थी कार, बगल में बैठा था डाक्टर
जिस जगह यह हादसा हुआ उसके सामने एक किसान खेत में पानी दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शी किसान के अनुसार, कार कोई युवती चला रही थी और बगल में इंडेक्स कालेज का डाक्टर बैठा हुआ था। कार में शराब की बोतलें भी रखी हुई थी। हादसा इतना भयानक था कि कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई थी।
