जेल से छूटे ड्रग पैडलर की पत्नी पर गोली चलाकर भागे बाइक सवार बदमाश

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के सुपर कारिडोर पर गुरुवार शाम एक महिला पर फायरिंग हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने हत्या के इरादे से गोली चलाई, लेकिन नाक को छूते हुए निकल गई। महिला का पति ड्रग पैडलर है और हाल ही में जेल से छूटा है। गांधीनगर थाना पुलिस प्राणघातक हमले का केस दर्ज कर आरोपितों को ढूंढ रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम सवा छह बजे बोहरा कालोनी के समीप की है। पुलिस ने जावेद पुत्र रशीद खान निवासी मंगल मार्ग गांधीनगर की शिकायत पर बाइक सवार दो बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। जावेद ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी आयशा के साथ स्कूटर (एमपी 09एयू 7673) से जा रहा था। जैसे ही बोहरा कालोनी पहुंचा, बाइक पर आए दो बदमाशों ने पीछे बैठी आशया पर गोली चला दी। आरोपितों ने सिर में गोली मारने की कोशिश की, लेकिन निशाना चूक गया और गोली नाक को छूते हुए निकल गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जावेद का आपराधिक रिकार्ड है। वह आठ दिन पूर्व ही मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के मामले में जेल से छूटा है। जावेद ने कथनों में बताया कि बड़ा गणपति, रामचंद्र नगर चौराहा से सुपर कारिडोर आ रहा था। पुलिस तीनों स्थानों के सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।

Exit mobile version