जीजा-सालों ने कर्ज उतारने के लिए व्यापारियों को लूटा, चार बदमाश गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

गिरफ्तार बदमाशों ने पहले साधु वासवानी नगर में बिस्किट व्यापारी को लूटा था। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के सामने सुपारी व्यवसायी से की वारदात।

इंदौर में सिलसिलेवार व्यापारियों को लूटने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों में जीजा-साले की जोड़ी भी है जो कर्ज उतारने के लिए व्यापारियों को लूट रहे थे। आरोपित नकली पिस्टल (एयरगन) और कट्टे लेकर दुकानों में घुस जाते थे।

डीसीपी जोन-4 आरके सिंह के मुताबिक, पहली वारदात साधु वासवानी नगर में हुई थी। नकाबपोश बदमाशों ने बिस्किट व्यापारी अजय तिल्लानी को गोली मारने की धमकी देकर लूटा था। पुलिस आरोपितों को पकड़ती, इसके पूर्व ही कलेक्टर कार्यालय के सामने सुपारी व्यवसायी संजय केलवानी को लूट लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर क्राइम ब्रांच की मदद से आरोपित श्रवण पुत्र दिनेश मकवाना और अंकित पुत्र दिनेश मकवाना निवासी जानकी नगर, सोनू पुत्र प्रहलाद राठौर निवासी कानवन जिला धार और शिवम पुत्र डारियो उमर निवासी तुर्क बगड़ी जिला धार को गिरफ्तार कर लिया।

पहले बिस्किट व्यापारी के यहां काम करता था एक आरोपित
एडीसीपी जोन-4 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, आरोपित श्रवण और अंकित भाई हैं। सात साल पूर्व श्रवण बिस्कुट व्यापारी अजय की दुकान पर नौकरी करता था। आरोपित अंकित सुपारी व्यावारी संजय के पास सामान लेने जाता था। दोनों को व्यापारियों के पास आने वाली राशि की जानकारी थी। बहन की शादी में दोनों पर कर्ज हो गया था।

- Advertisement -

दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश
कर्ज उतारने के लिए श्रवण और अंकित ने जीजा सोनू के साथ लूट का षड्यंत्र रचा। सोनू साथी शिवम को लेकर आया और व्यापारियों को लूट लिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज निकाले और मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित श्रवण, अंकित ने एयरगन खरीदी थी। सोनू धार से कट्टा लेकर आया था।

Exit mobile version