इंदौर। शहर में पुलिस की सख्ती का असर नजर नहीं आ रहा। बदमाश तो खुल्ले घूम रहे हैं, बल्कि अपराध करने से भी बाज नहीं आ रहे। बुधवार को सूचीबद्ध बदमाश ने एक युवक को बंधक बनाकर पीटा। नाजुक अंगों पर चोट पहुंचाई। घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर की है।
ई-रिक्शा में जबरन बैठाकर ले गए
पुलिस ने सुंदर नगर निवासी मनीष झा की शिकायत पर राहुल नाइट्रा निवासी नंदबाग कालोनी, शुभम निवासी रामनगर और गोपाल निवासी रामनगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। मनीष के मुताबिक, आरोपित राहुल व उसके साथी ई-रिक्शा से रामनगर ले गए और बंधक बना कर पीटा। राहुल ने कहा कि तूने गांजा की मुखबिरी की है। थाना और जेल में 60 हजार रुपये लग गए। आरोपित ने रुपये मांगे और मनीष की पिटाई की।
