खेत में काम कर रहे किसान को घेरकर आरोपित और उसके परिवार ने इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई।
इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के काकवा गांव में सालों से जमीन पर अवैध कब्जा करके बैठे एक परिवार के सदस्यों ने किसान मायाराम को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस का दल शुक्रवार रात गांव पहुंचा और सरकारी जमीन पर बना आरोपित बाबूसिंह का मकान तोड़ दिया। इस मामले में गौतमपुरा पुलिस ने बाबूसिंह और उसके परिवार के आठ सदस्यों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
दरअसल, बाबूसिंह और उसका परिवार मायाराम की जमीन पर सालों से कब्जा किए हुए था। प्रशासन के पास शिकायत पहुंची तो एक महीने पहले ही मायाराम को उसकी जमीन का कब्जा दिलाया गया। कब्जा जाने से नाराज चल रहे बाबूसिंह और परिवार के सदस्य गुरुवार को खेत में काम कर रहे मायाराम के पास पहुंचे और उसे घेरकर इतना मारा कि शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने की कार्रवाई
घटना के बाद प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर राजेश राठौर, एसपी ग्रामीण भगवतसिंह बिरदे, एसडीएम रवि वर्मा सहित अन्य अधिकारी काकवा गांव पहुंचे और आरोपित का मकान तोड़ने की कार्रवाई की।
