चोइथराम मंडी के व्यापारी को पत्र लिख 25 लाख की फिरौती मांगी, लिखा- रुपए नहीं दिए तो बेटे, दामाद को नुकसान हो सकता है

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया
चोइथराम मंडी के एक व्यापारी को पत्र लिखकर 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। यह पत्र एक मंदबुद्धि बालक के हाथों भिजवाया है। राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक यह पत्र करुणेश उर्फ कल्लू पिता छोटेलाल बागड़ी निवासी तेजाजी नगर को मिला है। मंगलवार सुबह वे अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक बालक उन्हें पत्र दे गया। घबराया व्यापारी तुरंत थाने पहुंचा। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह लिखा है पत्र में
शाम तक तेजाजी नगर में एक खेत (खेत मालिक का नाम लिखा) के पास 25 लाख रुपए रख जाना। पलटकर मत देखना। रुपए नहीं दिए, पुलिस या अन्य किसी को बताया तो आपके दामाद, बेटा, रिश्तेदार को भी नुकसान पहुंचा दिया जाएगा। आपने प्रापर्टी में खासा पैसा कमाया है, इसलिए आपको 25 लाख देने में दिक्कत नहीं होगी। गांधीनगर एसीपी निहित उपाध्याय ने बताया कि जिस बच्चे ने पत्र दिया था उसे कैमरे देखकर खोज लिया है। उसे किसी नकाबपोश ने 20 रुपए देकर पत्र देने कहा था। पत्र की भाषा से लग रहा है आरोपी कोई करीबी है।

Exit mobile version