चालान बना रही थी पुलिस, कार चालक का मोबाइल लेकर भागा बदमाश

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

राजीव गांधी चौराहे पर कार में काली फिल्म लगी होने पर एक चालक को पुलिस ने रोका। वह मोबाइल पर बात ही कर रहा था। तभी स्कूटी सवार बदमाश उसका मोबाइल छीन कर भाग गए।

कार चालक ने चालान बना रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से इसकी शिकायत की। ट्रैफिक जवान ने करीब एक किलोमीटर पीछा कर बदमाश को पकड़ लिया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने आरक्षक को 5 हजार का पुरस्कार दिया है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को जांच के दौरान कार क्रमांक एमपी 13 सीए 4408 को काली फिल्म लगी होने के कारण रोका गया। वाहन चालक संजय पिता देवी सिंह अपने मोबाइल फोन से किसी से बात कर रहा था, तभी एक्टिवा क्रमांक एमपी 09 यूए-7295 पर दो बदमाश आए और हाथ से मोबाइल छीन कर भवरकुआं थाने की ओर भाग गए।

चालक संजय ने पुलिसकर्मियों को बताया कि बदमाश मेरा मोबाइल छीन कर भागे हैं। तभी एक मोटरसाइकिल से आरक्षक सतीश रघुवंशी फरियादी को लेकर स्कूटी सवार बदमाशों का पीछा किया। एक आरोपित गौरव पिता योगेश को पकड़ लिया अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था) मनीष कपूरिया ने आरक्षक सतीश रघुवंशी को पांच हजार का पुरस्कार दिया।

- Advertisement -
Exit mobile version