- आरोपित राजस्थान से सस्ते दाम पर ड्रग खरीद कर ऊंचे दामों पर शहर में सप्लाई करता था।
- आरोपित लंबे समय से मादक पदार्थों की सप्लाई में शामिल थे।
- आरोपित रुपये लेकर ड्रग का पैकेट आगर में एक निश्चित स्थान पर पहुंचा देता है।
- पुलिस आगे की लिंक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को विजय नगर क्षेत्र तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। इसमें एक दंपती शामिल है। आरोपित लंबे समय से मादक पदार्थों की सप्लाई में शामिल थे। पुलिस ने पूछताछ की तो कहा वह राजस्थान से सस्ते दाम पर ड्रग खरीद कर ऊंचे दामों पर शहर में सप्लाई करता था। पुलिस आगे की लिंक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
विजय नगर टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित का नाम शंकर उर्फ तिरू पुत्र कैलाश कौशल निवासी रवि जागृति नगर, चांदनी पति शंकर निवासी रवि जागृति नगर और अजय पुत्र किरण इरवा निवासी न्याय नगर है। पुलिस ने तीनों को विजय नगर क्षेत्र से ही 60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। शंकर के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज है। वह विजय नगर थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाशों की सूची में भी शामिल किया गया है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि लंबे समय से ड्रग की सप्लाई कर रहा है। राजस्थान के तस्करों से उसके तार जुड़े है। फोन पर आर्डर देता है। तस्कर अपने गुर्गे को आगर (मालवा) के समीप भेज देता है। यह भी बताया कि तस्कर स्वयं कभी सामने नहीं आता है। रुपये लेकर ड्रग का पैकेट आगर में एक निश्चित स्थान पर पहुंचा देता है।
पुलिस लोकेशन, काल डिटेल से पता कर रही है
टीआइ के मुताबिक, पुलिस शंकर के मोबाइल की काल डिटेल और टावर लोकेशन से आगे के लिंक के बारे में पता लगा रही है। शहर में ज्यादातर तस्कर आगर, मंदसौर, नीमच, जावरा, प्रतापगढ़, भवानीमंडी क्षेत्र से मादक पदार्थ खरीदकर शहर में सप्लाई करते हैं।
डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस ने शाहरुख नामक एक और पैडलर को गिरफ्तार किया है जो प्रतापगढ़ के लाला गैंग का सदस्य है। शाहरुख से पुलिस ने मिथाइलीनडाइआक्सी मैथेमफेटामाइन (एमडीएमए) ड्रग जब्त की है जो लाला गैंग से खरीदना बता रहा है।
