रंगपंचमी पर राजबाड़ा जाने के लिए दोस्त के साथ बाहर निकला था युवक अपनी गर्लफ्रेंड से बात करने का आरोप लगाकर तीन युवकों ने एक युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया। फिर बेल्ट से पीटा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, उनसे पूछताछ जारी है। एमआईजी पुलिस ने आनंद पिता मोहनलाल कनेरिया (21) निवासी निरंaजनपुर की शिकायत पर आरोपी कान्हा उर्फ विनीत साहू, रोहित उर्फ जगीरा ठाकुर और अरमान कैथवास तीनों निवासी सोमनाथ की जूनी चाल के खिलाफ केस दर्ज किया है
घटना रंगपंचमी की दोपहर 2.30 बजे अहिरवार धर्मशाला के सामने आंबेडकर नगर में हुई। फरियादी ने बताया वह दानी लौहारदा (जिला देवास) का रहने वाला है और ड्राइवर है। यहां निरजंनपुर अयोध्या गार्डन में रहता है। रंगपंचमी को आनंद दोस्त आकाश के साथ राजबाड़ा जा रहा था। नाश्ते के लिए ये लोग एलआईजी चौराहा पर आए। वहां आकाश की बुआ की लड़की आरती आई और अंबे चौक आने का बोली। आनंद और आकाश अहिरवार धर्मशाला के सामने पहुंचे तो आरती व उसकी सहेली मुस्कान मिलीं। आनंद वहीं खड़ा रहा, जबकि आकाश पास की दुकान से कुछ लेने चला गया। इस दौरान आनंद व मुस्कान बातचीत करने लगे।
आते ही मारपीट शुरू कर दी
तभी मुस्कान के दोस्त कान्हा, रोहित और अरमान आए और आनंद को गालियां देने लगे। कान्हा बोला मेरी गर्लफ्रेंड से बात करने की तेरी हिम्मत कैसे हुई। यह कहकर उसने आनंद की छाती व पेट पर चाकू मारे। अरमान ने भी चाकू निकाला और आनंद की जांघ व पीठ पर वार किया। बाद में रोहित ने आनंद को बेल्ट से पीटा। टीआई के अनुसार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
