छह साल पहले ऑनलाइन दोस्ती के बाद जब युवती ने शादी करने से इनकार कर दिया तो युवक ने उसकी हत्या की साजिश रची। उसे आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया और पिस्टल निकालकर तान दी। युवती डरकर लिफ्ट से भागी तो युवक सीढ़ियों से नीचे भागा। उसने पुलिस देखी तो एक्टिवा पर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
संयोगितागंज टीआई विजय तिवारी के अनुसार आरोपी का नाम मातादीन परमार निवासी द्वारकापुरी है। वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मधुमिलन स्थित प्रेसिडेंट टॉवर मेंें एक युवक पिस्टल लेकर लड़की को धमका रहा है। वह उसे गोली मार सकता है। वहां सिपाही कालीचरण को देखकर मातादीन एक्टिवा पर भागा। पीछा कर उसे छावनी से पकड़ लिया। उसकी एक्टिवा और पिस्टल बरामद कर ली है।
6 साल पुरानी है दोस्ती
आरोपी के पिता होमगार्ड से रिटायर हुए हैं। वह खुद पलासिया में प्राइवेट नौकरी करता है। 6 साल पहले उसकी ऑनलाइन दोस्ती हुई थी। युवती से चैटिंग हुई और मिलना-जुलना शुरू हो गया। दोनों में काफी समय तक रिलेशन रहे, लेकिन अब युवती ने मिलने और शादी से इनकार कर दिया तो वह गुस्सा हो गया। उसने ठान लिया था कि प्रेमिका की हत्या कर देगा, इसलिए उसने पिस्टल खरीदी। फिर युवती से कहा कि आखिरी बार मिल लो।
मौका देख भाग निकली-
युवती उससे मिलने टॉवर के पास आई। पिस्टल देख वह घबराई और आरोपी को बातचीत में लगाया। फिर मौका देख लिफ्ट में घुसी और जान बचाने भागी। मातादीन को लगा कि वह पकड़ा जाएगा तो नीचे की तरफ भागा। उसने नीचे सिपाही को देखा तो टू व्हीलर पर भागा। आगे जाम मिलने पर उसने सरकारी स्कूल तरफ गाड़ी मोड़ी। गाड़ी धीमी करते ही उसे पकड़ लिया।
