- बच्ची ने दुबे की हरकत के बारे में सबसे पहले पड़ौसी को बताया था।
विजय नगर पुलिस ने क्राइम ब्रांच से रिटायर एसआइ नाथुराम दुबे पर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दुबे ने किरायेदार की 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने दुबे की तलाश में छापा मारा लेकिन वह फरार हो गया।
टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक 10 वर्षीय बच्ची दोपहर को पांच वर्षीय बहन के साथ घर पर थी। नाथुराम उसके पास और चाय पीने के बहाने बैठ गया। उसने बच्ची के साथ हरकत की और भाग गया। बच्ची देर रात माता-पिता के साथ एसीपी सोनाक्षी सक्सेना के पास पहुंची और घटनाक्रम बताया। पुलिस ने पहले आपसी विवाद समझा और घर जाकर जांच की। बच्ची द्वारा बताए बातों की पड़ताल की तो सारा घटनाक्रम स्पष्ट हो गया।
बच्ची ने दुबे की हरकत के बारे में सबसे पहले पड़ौसी को बताया था। पड़ौसी ने बताया कि बच्ची रोते हुए आई थी। इसके बाद उसने मां को काल कर घटना बताई। मां ने बच्ची के पिता को काल लगाया। पुलिस ने काल डिटेल निकाली जो सही निकली। रात एक बजे दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। देर रात एसआइ सीमा धाकड़ ने दुबे की तलाश में छापा मारा लेकिन वह फरार हो गया।
कोर्ट में बयान देगी बच्ची
दुष्कर्म की घटना को अफसरों ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को ही बच्ची और उसके माता-पिता के बयान ले लिए देर रात उसका मेडिकल चेकअप करवा लिया गया। सोमवार को पुलिस अब बच्ची को कोर्ट के जाएगी। कोर्ट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान होंगे।
