शहर के एयरपोर्ट रोड पर थाने के पास घुमावदार सड़क के कारण लोगों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते हैं। वाहन चालक तेज गति के कारण कई बार सीधे सड़क से नीचे उतार जाते हैं या कई बार वाहन आपस में भीड़ जाते हैं। ऐसे ही एयरपोर्ट थाने के सामने हुए एक्सीडेंट को देखकर सांसद शंकर लालवानी ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। ताकि वाहनों की तेज गति को कम किया जा सके।
दरअसल बीती रात एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सामने एक कार का एक्सीडेंट हो गया। मंगलवार सुबह एयरपोर्ट के लिए निकले सांसद शंकर लालवानी ने यह एक्सीडेंट देखकर जानकारी ली। उन्होंने तुरन्त अधिकारियों को स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए ज़रूरी कदम उठाने के लिए कहा। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि एयरपोर्ट थाने के सामने एक कार दुर्घटनाग्रस्त दिखी। जिसके बाद निगम अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। ताकि लोगों के वाहन दुर्घटनाग्रस्त न हो।
घुमावदार सड़क से परेशानी
एयरपोर्ट थाने के पास घुमावदार सड़क के कारण कई बार वाहन चालक अपने वाहनों की गति कम नहीं करते । इससे अधिकांश हादसे होते हैं। सड़क पर स्पीडब्रेकर नहीं होने से भी चालक वाहनों की गति कम नहीं रखते। रात्रि में सड़क खाली होने पर ज्यादा हादसे होते है।
