एमपी आनलाइन के खातों में ठगी का रुपया, एक आरोपित गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • आरोपितों ने पेटीएम स्कैनर का उपयोग कर फर्म के खाते में एक लाख 90 हजार रुपये जमा करवा दिए।

भंवरकुआं पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित विभिन्न शहरों में लोगों के साथ ठगी कर एमपी आनलाइन सेंटर के खातों में रुपया जमा करवाता था। वह साथी के साथ भंवरकुआं क्षेत्र में ही रहता था। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड मिले हैं।

टीआइ शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, सुनील चौहान ने शिकायत दर्ज करवाई थी। सुनील की भोलाराम उस्ताद मार्ग पर एमपी आनलाइन कियोस्क सेंटर है। आरोपितों ने पेटीएम स्कैनर का उपयोग कर फर्म के खाते में एक लाख 90 हजार रुपये जमा करवा दिए। कुछ दिनों बाद गुजरात और चेन्नई पुलिस ने सुनील के खातों को यह कहते हुए फ्रीज कर दिया कि उनमें लोगों से ठगे रुपये जमा हुए है।

सुनील ने रुपये जमा करवाने वाले युवकों को काल लगाया लेकिन नंबर फर्जी निकले। सुनील के मुताबिक, आरोपित कई दिनों तक काम के बहाने दुकान पर आने लगे। काम करने वाले एक युवक से परिचय कर लिया। आरोपितों ने कहा कि पापा और भाई फीस के रुपये डालना चाहते हैं। आपके खाते में रुपये डालने पर कैश निकाल कर दे देना।सुनील ने युवकों से आइडी कार्ड लिया और रुपये निकाल कर दे दिए।

आरोपित आए दिन सुनील के खातों में रुपये जमा करवाने लगे। अचानक गुजरात और चेन्नई पुलिस द्वारा खाता फ्रीज करने पर पता चला उसके साथ धोखा हुआ है। आरोपितों को फोन लगाया तो बहाने बनाने लगे। मंगलवार को सुनील ने एक आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

- Advertisement -
Exit mobile version