इंदौर हीरानगर सर्किल के एसीपी ने इस्तीफा सौंपा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर। हीरानगर सर्किल के एसीपी धैर्यशील येवले ने शुक्रवार को नौकरी से इस्तीफा दे दिया। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी न करने पर आयुक्त मकरंद देऊस्कर ने एसीपी को फटकार लगाई थी। मुख्यालय में पदस्थ डीसीपी जगदीश डाबर ने एसीपी को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्होंने कहा कि मुझे किसी से शिकायत नहीं है।
आप इस्तीफा स्वीकृत नहीं करेंगे तो मजबूरन मुझे डीजीपी के पास जाना पड़ेगा। विभाग इस्तीफा मंजूर करने में देरी न करे, इसलिए उन्होंने समस्त खानापूर्ति भी कर दी। आयुक्त के मुताबिक, एसीपी ने स्वास्थ्य कारणों के कारण स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मांगी है। फोन चर्चा की तो कहा कि उन्हें स्लिप डिस्क की समस्या है। विवाद जैसी कोई बात नहीं है। एसीपी मल्हारगंज, संयोगितागंज और पलासिया थाना में टीआइ भी रहे हैं।
कारण नंबर-1
बाणगंगा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आयुक्त को शिकायत कर कहा कि पति फरारी में भी मारपीट कर रहा है। पुलिस शिकायत के बाद भी आरोपित को नहीं पकड़ रही। सीपी ने एसीपी को काल लगाया तो कहा आरोपित नेपाल भाग गया है। थाना में स्टाफ कम है। 12 एसआइ हटाए और छह ही पदस्थ किए।
कारण नंबर-2
एक महीने पूर्व आरोपित सुमेरसिंह, मयंक द्विवेदी और महेंद्र द्विवेदी ने विवादित प्रोपर्टी ब्रोकर विकास चौकसे को गोली मारी थी। गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी न कर पाने के कारण विकास की पत्नी सीपी के पास पहुंची और शिकायत की। सीपी ने एसीपी को फटकारा तो कहा कि फरियादी ने कुछ ऐसे नाम लिखवा दिए जिनके घटना में शामिल होने पर संशय है। दोनों घटनाक्रम के बाद एसीपी ने पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) को इस्तीफा सौंप दिया।

Exit mobile version