इंदौर में पीएफआई जासूस को पकड़वाने वाले वकील से मारपीट:एमवाय में भर्ती, आरोपी बोला- सिर तन से जुदा करने वाली घटनाएं याद नहीं क्या

By Abhishek Raghuvanshi
6 Min Read

इंदौर के सदर बाजार में सोमवार रात एक वकील मनीष गड़कर पर तीन लोगों ने हमला कर दिया। घटना की जानकारी लगने के बाद कई वकील सदर बाजार थाने पहुंचे। घायल वकील गड़कर को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कई धाराओं मे केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मनीष गड़कर ने ही इंदौर की जिला कोर्ट में PFI के लिए जासूसी कर रही लॉ स्टूडेंट को पकड़ाया था।

सदर बाजार TI मंजू यादव के मुताबिक एडवोकेट मनीष गड़कर ने जुनैद निवासी बड़नगर, हाल मुकाम खजराना उसके मामा और एक अन्य साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

एडवोकेट मनीष गड़कर ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका ऑफिस तिलक पथ के सामने है। जुनैद का भाई एक मामले में जेल में है। जुनैद चाहता था कि उसके भाई को जमानत मिल जाए। इसलिए वह मुझसे सलाह लेने की बात कर रहा था। इस सिलसिले में बात करने के लिए सोमवार को दोपहर में जुनैद ने मुझे कॉल किया। तो मैंने उसे हाईकोर्ट आने को कहा। जुनैद ने ने कहा कि वह हाईकोर्ट नहीं आ पाएगा। शाम को तिलक पथ स्थित ऑफिस आ जाएगा। जुनैद ने अपने साथ अपने पिता और मामा को भी लाने की बात कही।

- Advertisement -

एडवोकेट गड़कर ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 8.30 बजे मैंने जुनैद को कॉल कर ऑफिस आने का कहा। कुछ देर बाद जुनैद मेरे ऑफिस पहुंचा तो उसके पीछे-पीछे दो लोग और आ गए। मैं उससे केस के सिलसिले में बात कर रहा था।

इसी बीच जुनैद ने मुझे कहा कि आजकल फेसबुक पर मुस्लिमों के खिलाफ बहुत पोस्ट डाल रहे हो। तूने अजान के खिलाफ भी मुहिम चलाई थी। समझ जा नहीं तो तुझे खत्म कर देंगे। हिन्दुस्तान में इतनी घटनाएं हो रही सर तन से जुदा वाली याद नहीं क्या, तुझे समझ में नहीं आ रही।

इसके बाद उन्होंने मेरे साथ मारपीट की, कांच फोड़ कर मुझ पर हमला किया। तीनों ने मुझे उठाकर नीचे पटक दिया। खिड़की के टूटे कांच से हमला करने की कोशिश की। मैंने जैसे-तैसे जान बचाई। डायल 100 को फोन कर सूचना दी। इसके अलावा एडवोकेट गड़कर ने अपने साथी वकीलों को भी आपबीती बताई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वकील सदर बाजार थाने पहुंचे।

टीआई मंजू यादव ने बताया कि पुलिस ने जुनैद को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ 452, 294, 323, 506, 34, 427 और 505 के तहत केस किया है।

थाने में मौजूद वकील

दो दिन से चल रही थी रैकी
एडवोकेट मनीष गड़कर ने दैनिक भास्कर को बताया कि केस तो बहाना था। दो दिन से जुनैद और उसके साथी हमला करने के लिए मेरे ऑफिस की रैकी कर रहे थे। उनके ऑफिस पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों से जुनैद ओर उसके साथियों की रिकार्डिग मिल सकती है।

PFI की जासूस के खिलाफ खड़े हुए थे
मनीष गड़कर हिंदू महासभा से जुड़े हैं। कोर्ट में पिछले दिनों PFI के लिए जासूसी कर रही लॉ स्टूडेंट सोनू मंसूरी को एडवोकेट अनिल नायडू के साथ मिलकर पकड़ा था। इसके साथ ही अजान को लेकर लगने वाले लाउड स्पीकर को लेकर भी थानों में मुहिम चलाकर ज्ञापन दिए थे। पिछले दिनों एडवोकेट मनीष गड़कर ने उक्त मामलों को लेकर फेसबुक पर पोस्ट भी की थी।

ये थी कोर्ट में जासूसी करने वाली सोनू मंसूरी की पूरी कहानी

कोर्ट में जासूसी: महिला बोली- हिंदू-मुस्लिम केस की जानकारी PFI को पहुंचाती हूं

इंदौर में 25 जनवरी को पठान मूवी का विरोध कर रहे एक संगठन के लोगों का धर्म विरोधी नारेबाजी का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में मुस्लिम संगठनों ने नाराजी जताते हुए चंदन नगर थाने का घेराव किया था। इसके बाद छत्रीपुरा थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर हिंदूवादी संगठन के कुछ पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में शनिवार को गिरफ्तार पदाधिकारियों की पेशी कोर्ट में की गई।

सोनू मंसूरी कोर्ट में हिंदू संगठनों के दस्तावेजों की जासूसी कर रही थी। उसके पास से सवा लाख रुपए से ज्यादा कैश मिला था। उसने पुलिस को बताया कि एडवोकेट नूरजहां के ने उससे ये सब करने को कहा था। फिलहाल नूरजहां को भी पुलिस तलाश रही है। वहीं सोनू मंसूरी जेल में है।

एमजी रोड थाना टीआई संतोष यादव के मुताबिक द्वारकापुरी के रहने वाले अभिभाषक संघ के सदस्य सुरेन्द्र सिंह की शिकायत पर फर्जी वकील सोनू मंसूरी (23) पिता सुपडु मंसूरी निवासी सुनिकेत अपार्टमेंट, आनंद बाजार, इंदौर और वकील नूरजहां के खिलाफ 410, 420, 120 बी के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार युवती को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसकी रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। इधर, सिर तन से जुदा करने के नारे लगाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Exit mobile version