विपक्ष की नारेबाजी के बाद लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही लगातार 7वें दिन भी शुरू होते ही स्थगित कर दी गई। दोनों सदनों की कार्यवाही अब दोबारा दोपहर 2 बजे शुरू होगी। सदन स्थगित करने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दोपहर 1 बजे और राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने 11.30 बजे अपने-अपने चेम्बर में ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद सभी विपक्षी दलों ने संसद की पहली मंजिल पर प्रदर्शन किया। सभी सांसदों के हाथ में बैनर-पोस्टर था। वे अडाणी-हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर संसद की जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इधर, ममता बनर्जी की पार्टी TMC के सांसदों ने कांग्रेस से अलग प्रदर्शन किया। वे अडाणी मुद्दे पर PM से चुप्पी तोड़ने की मांग कर रहे थे।
