इंदौर में परीक्षा के दौरान छात्र के सिर पर गिरा छत का प्लास्टर, घायल

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

अटल बिहारी बाजपाई शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में बुधवार को छत का प्लास्टर गिरने से छात्र घायल हो गए। हादसे में छात्र को सिर और नाक पर चोट आई है। नाक पर गहरी चोट होने के कारण दो टांके भी लगे हैं। पूरे मामले में कालेज प्रशासन अपना पल्ला झाड़ने में लगा हुआ है। प्रबंधन का कहना है कि बिल्डिंग काफी पुरानी है कई बार मेंटेनेंस के लिए पत्र लिखा गया है। उधर कालेज ने अगली परीक्षा को अन्य भवन में कराने का फैसला लिया है।

महाविद्यालय को दो हजार विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां बुधवार को बीए की परीक्षा चल रही थी। बीए फाइनल इयर के छात्र दिव्यांश परिहार का इतिहास विषय का पेपर था। सुबह 11:00 बजे परीक्षा शुरू हुई और महज आधे घंटे बाद परीक्षा कक्ष की छत का प्लास्टर उखड़ गया।

प्लास्टर सीधे छात्र के सिर पर गिरा। इससे उसके सिर और नाक में चोट आई है। इसके बाद कालेज प्रबंधन ने तत्काल उसे अपने निजी अस्पताल में ले जाकर इलाज करवाया। इसके बाद छात्र ने अपनी परीक्षा दी। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता ने कोलज परिसर में जमकर हंगामा किया और जर्जर भवनों में परीक्षा बंद कराने की मांग की। छात्र नेता कृष्णा नायक ने बताया कि लंबे समय से जर्जर भवन की मरम्मत के लिए कालेज प्रशासन को संगठन की तरफ से ज्ञापन दिया जा रहा है। मगर जिम्मेदार इसकी तरफ बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं।

1964 में बना था भवन
कालेज का भवन सन् 1964 में बना था। करीब 60 साल पुराने होने की वजह से भवन जर्जर हो चुका है। इसमें करीब 11 कमरों का कायाकल्प होना है। इसके लिए 37 लाख की राशि वर्ल्ड बैंक से मिली है, जो सीधे पुलिस हाउसिंग बोर्ड के खाते में जमा हुई है। यह काम एजेंसी के माध्यम से होना है। उन्हें 6 महीने से पत्र लिखकर निर्माण कार्य करने के लिए कहा जा रहा है। मगर एजेंसी ने मात्र 2 कमरों की मरम्मत करने के बाद काम बंद कर रखा है।

- Advertisement -

एमबीए भवन में करवायें परीक्षा
हादसे के बाद कालेज प्रबंधन ने जर्जर भवन में परीक्षा करवाने से मना कर दिया। मामले में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय को पत्र लिखा गया है। प्रबंधन ने आगे की सारी परीक्षाएं एमबीए भवन में करवाने का फैसला लिया है।

कई बार लिख चुके हैं पत्र
जर्जर भवन की मरम्मत होना है। दो कमरे का रखरखाव हुआ है। बाकी 11 कमरों का काम किया जाना है। इसके लिए निर्माण एजेंसी को कई बार पत्र लिखा है। फिलहाल परीक्षा एमबीए भवन में करवाएंगे।

Exit mobile version