इंदौर में दौड़ते-गिरते दुकानदारों ने चोर को रंगे हाथों पकड़ा, मेहरबान होकर पुलिस ने छोड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • खजूरी बाजार में कई दिनों से चोरी हो रही थी तो दुकानदारों ने बनाई थी बदमाश को पकड़ने की योजना!

इंदौर। खजूरी बाजार में कई दिनों से दुकानों से ए4 साइज के प्रिटिंग पेपर की पेटी चोरी हो रही थी। फुटेज से चोर को पहचान कर दुकानदारों ने योजना बनाकर गुरुवार को चोर को पकड़ लिया और सराफा थाने में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने खुद सबूत बरामद करने के बजाय दुकानदारों से चोरी हुईं पेपर की पेटी मांगी। दुकानदारों ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दिए, लेकिन पुलिस ने घोर लापरवाही दिखाते हुए चोर को छोड़ दिया।

चोरी से परेशान थे दुकानदार
कापी-किताबों का थोक बाजार खजूरी बाजार में कुछ सप्ताह से लगातार चोरी होने से दुकानदार परेशान थे। एक पेटी की कीमत करीब 2500 रुपये होती है। दुकानदारों ने बताया कि दो सप्ताह में ही बाजार से 50 पेटियां चोरी हो चुकी हैं। सोमवार को उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। चोर का हुलिया पहचानकर वीडियो सभी दुकानदारों को शेयर कर दिया गया।
सोमवार को ही एक दुकानदार ने चोरों को बाजार में घूमते देखा और पीछा करने की कोशिश की लेकिन वह निकल गए। गुरुवार को दुकानदारों ने चोर को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्से से भरे दुकानदारों ने चोर को पीटा। बाद में पुलिस को बुलाकर चोर को उनके हवाले कर दिया और फुटेज पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि गलती तुम्हारी है, तुम्हें सामान का ध्यान रखना चाहिए, बाहर नहीं रखना चाहिए, ऐसी बातें करते हुए चोर को छोड़ दिया। इस घटना से सराफा थाने की पुलिस के खिलाफ व्यापारियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।

खुफिया एजेंसी की तरह योजना बनाकर चोर को पकड़ा, पुलिस ने की बर्बाद
गुरुवार को चोर फिर बाजार में चोरी करने मल्हारगंज से राजवाड़ा की तरफ आए। राहुल कुमार ने चोरों को पहचान कर राजवाड़ा की तरफ के दुकानदारों को सतर्क कर दिया। करीब 5 मिनट बाद सूचना देने वाले दुकानदार के पास फोन आया कि चोर वापस मल्हारगंज की तरफ आ रहे हैं। वो बीच सड़क पर खड़े हो गए। चोरों के पास आते ही दुकानदार चोरों को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठने वाला गिर गया और साथी चालक भाग गया।

पीछे बैठा चोर मोरसली गली में भाग गया। 64 साल की उम्र होने के बाद भी दुकानादर ने चोर को दौड़कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया। हालांकि बाद में अचानक तेज दौड़ने के राहुल की हालात इतनी खराब हो गई कि उन्हें डाक्टर के पास जाना पड़ा।
सराफा थाने का यह मामला संज्ञान में नहीं आया है। व्यापारी शिकायत करेंगे तो सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

– राजेश कुमार, डीसीपी जोन 4

Exit mobile version