- एमआर-10, खजराना सहित इंदौर के कई क्षेत्रों में निगम की टीम पहुंची। पहले दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा, नहीं माने तो होगी कार्रवाई।
इंदौर। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद खुले में चल रही मांस दुकानों के खिलाफ इंदौर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने एमआर-9, खजराना सहित कई क्षेत्रों में मुहिम चलाई। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे खुले में मांस विक्रय न करें और कांच, पर्दे, जाली इत्यादि से मांस को ढांककर ही विक्रय करें।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि खुले में मांस विक्रय प्रतिबंधित है। बावजूद इसके कई इलाकों में मांस को खुले में रखकर बेचा जा रहा है। हमने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर खुले में मांस विक्रय करने वालों को चेतावनी दी है।
फुटपाथ पर कब्जा कर खोल ली दुकानें
यह बात भी सामने आई है कि कई क्षेत्रों में मांस की अवैध दुकानें संचालित हो रही है। कई लोगों ने फुटपाथ पर कब्जा कर मांस की दुकान खोल ली हैं। शहर में न मांस की अवैध दुकानें संचालित होने दी जाएंगी न खुले में मांस विक्रय होने दिया जाएगा।
पहले चेतावनी दी है, बाद में कार्रवाई होगी
चेतावनी देते हुए दुकानदारों को अवैध कब्जे खाली करने और खुले में मांस नहीं बेचने की अपील की गई है। कई दुकानदारों ने मौके पर ही फुटपाथ के कब्जे हटाकर अवैध दुकान को पीछे भी ले लिया है। हमने स्पष्ट कर दिया है कि चेतावनी के बावजूद दुकानदार सहयोग नहीं करेंगे और खुले में मांस विक्रय बंद नहीं करेंगे तो नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा।
