इंदौर के सुखलिया में कपड़ा व्यवसायी की सरेराह चाकुओं से गोदकर हत्या

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हीरानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम 28 वर्षीय निखिल खलसे की छह बदमाशों ने सरेराह हत्या कर दी। कपड़ा व्यवसायी निखिल दो वर्ष पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड के एक आरोपित की जमानत में मदद कर रहा था। आरोपितों ने पहले पांच गोलियां चलाई। निशाना चूके तो चाकुओं से गोद दिया। बचने के लिए निखिल दोपहिया शोरूम में घुसा, लेकिन आरोपितों ने उसे पकड़ लिया।

घटना सुखलिया में नगर निगम जोन के सामने शाम करीब 7 बजे की है। निखिल पुत्र विनायक खलसे घर के समीप ही साथी मोहित के साथ चाय पी रहा था। तभी बाइक पर विशाल पंवार, आर्यन ठाकुर, हर्ष चौधरी, चिराग कटारिया, लालू भदौरिया एक अन्य आरोपित आए और दनादन गोलियां चला दी। निखिल गोलियों से बचा तो उस पर चाकुओं से हमला किया। घायल होने के बाद भी भागा, लेकिन आरोपितों ने उसे पकड़कर गिरा दिया और चाकू मारने लगे। कजिन भाई उदय ठाकुर उसे बापट अस्पताल ले गया, लेकिन डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापे मार रही है। विशाल और आर्यन के रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया है।

दोहरे हत्याकांड का बदला, जमानत में मदद करने पर मारा
डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्रसिंह भदौरिया के मुताबिक, वर्ष 2021 में आरोपित राहुल वास्कले, सूरज ठाकुर, मोगली, भूरा आदि ने कालिंदी गोल्ड सिटी (बाणगंगा) में गौरव मिश्रा और अर्पित खाटे की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। दोहरे हत्याकांड में सुखलिया निवासी मंगेश श्रीकांत भी षड्यंत्र का आरोपित है। निखिल खलसे और उदय ठाकुर मंगेश की जमानत का प्रयास कर रहे थे। 15 दिन बाद उसकी जमानत की संभावना थी। आरोपितों ने बदला लेने के लिए उदय की हत्या की साजिश की। निखिल ने पांच मिनट पहले ही उदय से कहा कि घर से बाहर मत निकलना। विशाल-आर्यन तुझे मारने के लिए घूम रहे हैं। लेकिन निखिल आरोपितों के निशाने पर आ गया। निखिल की एक साल पूर्व ही शादी हुई है।

Exit mobile version