इंदौर के श्यामनगर में दिनदहाड़े लूट, नकाबपोश बदमाशों ने चाकू मारा, तीन बदमाश गिरफ्तार:

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हीरानगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर में बालाजी आटो डील पर वारदात। दोपहर तीन बजे बदमाशों ने बोला हमला।
आटो डील पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने वहां बैठे कर्मचारी से उसका मोबाइल और रुपये मांगे।
कर्मचारी ने मोबाइल उठाकर आटो डील संचालक को फोन करना चाहा तो उसे चाकू मार दिया।
बदमाश गल्ले से 15 हजार रुपये व अन्य सामान समेत कर्मचारी का मोबाइल लेकर भाग गए।
इंदौर। भारी पुलिस बल के बीच शहर में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई। नकाबपोश तीन बदमाशों ने आटो डील को लूट लिया। बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला भी कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश है। तमाम छापेमारी, बाउंड ओवर की कार्रवाई के बीच भी बदमाश बाहर घूम रहा था।
घटना हीरानगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित बालाजी आटो डील की है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे कर्मचारी सिद्धार्थ पुत्र शीतल चौरसिया निवासी मुखर्जी नगर (बाणगंगा) दुकान पर बैठा हुआ था। अचानक एक बाइक पर तीन बदमाश आए और चाकू अड़ाकर रुपये व मोबाइल मांगा। सिद्धार्थ ने आटो डील संचालक नितिन चौकसे को कॉल लगाने के लिए फोन उठाया तो बदमाशों ने सिर में चाकू से हमला कर दिया। सिद्धार्थ घायल होकर गिर गया। बदमाशों ने उसका आइफोन, गल्ले से 15 हजार रुपये व अन्य सामान निकाल लिया।
पुलिस ने फुटेज निकाल आरोपितों को पकड़ा
आरोपितों के जाने के बाद सिद्धार्थ ने संचालक नितिन व उसके भाई योगेश को घटना की सूचना दी। टीआइ पीएल शर्मा के अनुसार, पुलिस ने तत्काल घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाल लिए। सूत्रों के अनुसार देर रात पुलिस ने रवि राजू यादव निवासी टापू नगर, दत्ता अंगत कोहले निवासी टापू नगर और अंकुश प्रेमराज बरबेले निवासी बड़ी भमोरी को गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version