इंदौर के राजवाड़ा, गोपाल मंदिर क्षेत्र में फुटपाथ पर लग रही थी दुकानें, नगर निगम ने हटाईं

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर नगर निगम के रिमूवल विभाग की चार टीमों ने शुक्रवार को राजवाड़ा, गोपाल मंदिर, इमामवाड़ा, पीपली बाजार, राजवाड़ा के आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की। टीम ने सड़क पर ठेले लगाने वाले और फुटपाथ व सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई। अतिक्रमण की वजह से क्षेत्र में यातायात बाधित हो रहा था। शुक्रवार को 150 से ज्यादा लोगों को हटाया गया। नगर निगम ने क्षेत्र में एक टीम तैनात कर दी है। यह टीम इस बात की निगरानी करेगी कि इस क्षेत्र में दोबारा सड़क, फुटपाथ पर अतिक्रमण न हो पाए।

गौरतलब है कि राजवाड़ा, गोपाल मंदिर, इमामवाड़ा और आसपास के क्षेत्र से नगर निगम ने फुटपाथ पर कब्जा कर दुकानें लगाने वाले और ठेला लगाकर व्यापार करने वालों को पहले भी हटाया था। यह क्षेत्र पुरातत्व महत्व का होने के साथ-साथ इस क्षेत्र में यातायात का अत्याधिक दबाव रहता है। यही वजह है कि इस क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर व्यापार करने पर रोक लगाई गई थी।

हटाने के बाद फुटपाथ पर फिर जम गए थे दुकानदार
पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में दोबारा फुटपाथ पर दुकानें लगने लगी थीं। ठेले लगाकर भी लोगों ने व्यवसाय शुरू कर दिया था। इससे आवागमन प्रभावित होने लगा था। 6 अप्रैल को क्षेत्र के व्यापारी इस संबंध में निगमायुक्त हर्षिका सिंह से भी मिले थे। उन्होंने शिकायत की थी कि फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों की वजह से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। निगमायुक्त ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए रिमूवल उपायुक्त लता अग्रवाल को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

Exit mobile version