इंदौर के द्वारकापुरी थाने के पास में 57 लाख रुपये-आभूषणों की चोरी, कारोबारी अस्पताल में

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • दरवाजा टूटा देख कारोबारी के सीने में दर्द उठा और अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

इंदौर। द्वारकापुरी थाने से 500 मीटर दूरी पर 56 लाख रुपये और करीब डेढ़ लाख के आभूषणों की चोरी हो गई। बदमाश प्रापर्टी कारोबारी का पूरा घर साफ कर फरार हो गए। यह देख कारोबारी के सीने में दर्द उठा और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। चोर टामी और पेचकस छोड़ गए हैं।वारदात न्यू द्वारकापुरी (विल्सी कारखाना रोड़) में रहने वाले संजय पाटिल के घर में हुई है। पाटिल प्रापर्टी खरीदने-बेचने का व्यवसाय करते हैं और उनकी खंडवा में पुस्तैनी जमीन भी है। बेटे अनमोल ने पुलिस को बताया कि वह दो दिन पूर्व मां राधा, दादी निर्मला के साथ गांव खेगावड़ा (खंडवा) चला गया था। पिता संजय पाटिल और चाचा का लड़का यश दूसरे रूम में सो रहे थे। गुरुवार रात चोर घुसे और दूसरे कमरे का दरवाजा तोड़ कर चोरी की।
अनमोल के मुताबिक सुबह किरायेदार निखिल उठा और उसने दरवाजा खुला देखा। पलंग पेटी पर सामान बिखरा देख उसे शक हुआ और तुरंत पड़ोसी को बताया। जब संजय पाटिल उठे और देखा अलमारी में रखे 56 लाख रुपये चोरी हो गए हैं तो वे पसीना-पसीना हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। सूचना पर एसीपी नंदनी शर्मा, एडिशनल डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा और फिंगर प्रिंट लेने विशेषज्ञ पहुंच गए। जिस जगह चोरी हुई वहां सीसीटीवी कैमरे में नहीं हैं।
प्रापर्टी बेचकर एक महीने से जमा कर रहे थे रुपये
अनमोल के मुताबिक कुछ दिनों पूर्व खंडवा स्थित जमीन का सौदा किया था। कई बार में रुपये आए थे। इसके बाद उन्होंने द्वारकापुरी के मकान का सौदा किया। उसके रुपये भी थे। करीब एक महीने से रुपये जमा कर रहे थे। तीन बैग में रुपये भरकर अलमारियों में रखे थे। पुलिस को शक है कि चोरी में घर के सदस्यों की जानकारी रखने वाले व्यक्ति का हाथ है।

Exit mobile version