आबकारी विभाग ने 46 स्थानों पर दबीश देकर जब्त की अवैध शराब, 44 प्रकरण भी बनाये

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • विधानसभा चुनाव से पहले शुरू किया गया अवैध शराब की धड़पकड़ का अभियान।
  • विभाग ने जिले में एक साथ 46 स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की।
  • जप्त सामग्री की कीमत लगभग 8 लाख 65 हजार रुपये है।
  • अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग के अमले ने कुल 44 प्रकरण पंजीबद्ध किए।

इंदौर। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही हैं। विभाग ने जिले में एक साथ 46 स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की। इस दौरान अवैध शराब के 44 प्रकरण भी पंजीबद्ध किए गए।
इंदौर जिले में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मदिरा के अवैध रूप से निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं अवैध रूप से भंडारण करने वालों के विरूद्ध आबकारी विभाग के अमले द्वारा अभियान चलाकर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग के अमले ने कुल 44 प्रकरण पंजीबद्ध किए और 38 बल्क लीटर देशी मदिरा, 32 बल्क लीटर विदेशी मदिरा, 490 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा, 1100 लीटर महुआ लहान तथा एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया।

बिना पास परमिट के 50 बल्क लीटर से अधिक शराब मिली
सहायक आयुक्त आबकारी और नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजीव मुद्गल ने बताया की मिली सूचना के आधार पर ग्राम माचल स्थित पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा से अवैध रूप से देशी मदिरा परिवहन करते हुए चालक मोहन सिंह पिता तवंरसिह निवासी पीथमपुर जिला धार को पकड़ा गया। आरोपित के कब्जे में बिना पास परमिट के 50 बल्क लीटर से अधिक शराब पाए जाने पर मदिरा और कार को जप्त कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मप्र आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जप्त सामग्री की कीमत लगभग 8 लाख 65 हजार रुपये है।

22 आरोपित किए गिरफ्तार
आबकारी विभाग द्वारा जिले के अन्य वृत्तों में 46 स्थानों में कार्रवाई कर 44 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। इसमें 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

Exit mobile version