अखाड़े के जुलूस के दौरान हुए विवाद:राजेंद्र नगर में हेड कांस्टेबल पर पथराव, बीसीसी में ट्रैफिक कांस्टेबल को पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

अखाड़े के जुलूस के दौरान हुए विवाद में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की घटना हो गई। दूसरी घटना में स्कूटर चालक ने ट्रैफिक सिपाही को पीट दिया। पहली घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के बिजलपुर की है। सोमवार को बिजलपुर ग्राम में अखाड़े का जुलूस निकल रहा था। कुछ लोग नीम चौक के पास एक युवक से मारपीट कर रहे थे। हेड कांस्टेबल राजू गोयल युवक को बचाने पहुंचे।
मारपीट कर रहे युवकों ने पुलिसकर्मी पर पथराव कर दिया। इसमें उनकी आंख में पत्थर लगा और वे घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर विकास शर्मा की रिपोर्ट पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। बताते हैं सभी आरोपियों की पहचान हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गेट के पास गाड़ी खड़ी करने से मना किया तो सिपाही से मारपीट कर दी
दूसरी घटना ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर के पास हुई। यहां पार्किंग विवाद में एक आरोपी ने ट्रैफिक सिपाही से मारपीट कर दी। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक मंगलवार को क्षेत्र में वीवीआईपी रिहर्सल ड्यूटी के दौरान ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर गेट नंबर 3 के पास पार्किंग में एक स्कूटर चालक ने ट्रैफिक कांस्टेबल प्रदीप कुमार शर्मा के साथ मारपीट कर दी।
प्रदीप की रिपोर्ट पर चालक लव यादव निवासी स्कीम नं. 74 के खिलाफ केस किया है। सिपाही ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह ड्यूटी पर थे। वीवीआईपी रिहर्सल चल रही थी, तभी स्कूटर चालक को गेट के पास पार्किंग करने से मना किया तो वह विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने हाथापाई कर दी।

Exit mobile version