शुजालपुर मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में “विवाह पंचमी” का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता अनुसार आज ही के दिन अयोध्या नरेश भगवान श्रीराम और जनकपुर की राजकुमारी माता सीता का विवाह संपन्न हुआ था।इसलिए विवाह पंचमी के इस दिन को भगवान श्रीराम और सीता की वैवाहिक वर्षगांठ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। श्रीराम मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस विवाह उत्सव में मां सीता के स्वयंवर प्रसंग के बाद श्रीराम और जानकी की वरमाला कर वैदिक मन्त्रोंच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इसके बाद महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस राम-जानकी विवाह पर बड़ी संख्या में दर्शनार्थी शामिल हुए।
