शाजापुर नगरपालिका परिषद हमेशा से ही किसी ना किसी ड्रामें को लेकर सुर्खियों में बना रहता है। नगरपालिका में शुरुआत से चल रहीं अंतर्कलह और गुटबाजी किसी से छुपी नहीं है। यहां कोई भी छोटा-मोटा काम करवाना लोहे के चने चबाने से कम नहीं है। जिस नगरपालिका में भाजपा के पार्षदों और सभापती को अपनी मांगों के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़े वहां भला आम आदमी की सुनवाई की तो कल्पना भी नहीं की जा सकती।
शहर में लंबे समय से आमजनों पर अपना कहर बरपा रहें आवारा कुत्तों और सडक़ों पर जमघट लगाएं बैठे आवारा मवेशियों निजात दिलाने की गंभीर समस्या को लेकर नगरपालिका सभापति कौशल कसेरा नगरपालिका सीएमओ कक्ष के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। नगरपालिका सभापति कौशल कसेरा ने मिडिया से चर्चा में बताया कि शहर के सभी चौराहों पर आवारा मवेशियों का जमघट लगा हुआ है।जिससे आमजनों को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गली-मोहल्लों में घूम रहें कुत्तों ने अपना आतंक मचाते हुए एक ही दिन में एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर अपना निशाना बनाया है। इसके बाद भी नगरपालिका कोई कार्रवाई नही कर रही है। नगरपालिका की इस गैर-जिम्मेदारी और अनदेखी के चलते में यह धरना प्रदर्शन कर रहा हूं और यदि नगरपालिका ने शीघ्र ही इस समस्या का निराकरण कर आवारा कुत्तों और मवेशियों से नगर के लोगों को निजात नही दिलाई तो मैं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठूंगा ।
