नई दिल्ली – JNU में फिल्मी स्टाइल में 2 छात्राओं को उठाने की कोशिश, कार में बैठे थे 5 लड़के

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

नई दिल्ली – JNU में फिल्मी स्टाइल में 2 छात्राओं को उठाने की कोशिश, कार में बैठे थे 5 लड़केदेश के बड़े विश्वविद्यालयों की चर्चा होती है, तो जेएनयू का नाम गर्व से लिया जाता है। लेकिन यहां छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जी हां, मंगलवार देर रात यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और उन्हें अगवा करने की भी कोशिश हुई। JNU कैंपस में इस तरह की घटना ने स्टूडेंट्स को खौफ से भर दिया है। 5 लड़कों का ग्रुप कैंपस में आकर एक पीएचडी स्टूडेंट को पीटता है, लड़कियों को परेशान करता है, उन्हें अगवा करने की कोशिश करता है लेकिन कोई सिक्योरिटी नहीं थी। अच्छी बात यह है कि पुलिस ने ​एक संदिग्ध बीटेक स्टूडेंट अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है और चार अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस ने वसंत कुंज और किशनगढ़ थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।

पहले केस के मुताबिक, दो छात्राएं डिनर के बाद वॉक पर निकली थीं। रास्ते में उनके साथ छेड़छाड़ की गई। उनका अपहरण करने की भी कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि यह घटना रात 11 और 11.30 बजे के बीच की है। आधी रात के बाद 1 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। एक अन्य स्टूडेंट ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया, ‘फोन पर बताया गया था कि कुछ लोग दो स्टूडेंट्स को अपनी कार में खींचने की कोशिश कर रहे थे।’ कार स्विफ्ट डिजायर थी।

शराब के नशे में थे 5 लड़के

दोनों लड़कियों ने बुधवार सुबह शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने दावा किया कि कार के अंदर 5 लड़के बैठे थे और वे शराब पिए हुए थे। जब उन्होंने छात्राओं को खींचने की कोशिश की तो लड़कियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया और वे भाग गए। पुलिस ने बताया है कि जिस जगह पर यह वारदात हुई, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। एक अधिकारी ने बताया, ‘वे कार के अंदर बैठकर आइसक्रीम खा रहे थे। सभी दरवाजे खुले थे। उसी समय एक स्टूडेंट उधर से निकला और युवकों से बोला कि दरवाजा बंद कर लो। झगड़ा शुरू हो गया और लड़कों ने मिलकर स्टूडेंट को पीट दिया।’ स्टूडेंट का मेडिकल कर किशनगढ़ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। (फोटो- जेएनयू में सुरक्षा के सवाल पर छात्रों ने प्रोटेस्ट किया है)

गुरुग्राम वाला लड़का पकड़ा गया

पुलिस ने कैंपस के एंट्री गेट से कार की डीटेल निकाली और अंदर बैठे एक शख्स का पता लगा लिया। पुलिस सूत्र ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि वह लड़का किसी दूसरे कॉलेज में बीटेक स्टूडेंट है। गुरुग्राम का रहने वाला है। उस दिन वह कई बार कैंपस में आया था। पता चला कि वह जेएनयू में अपने दोस्त से मिलने आता था। कार के कैंपस में घूमने का वीडियो भी मिला है। इन लोगों ने पहले भी स्टूडेंट्स को परेशान किया था। इस घटना से देश की टॉप यूनिवर्सिटी में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा होती है। इससे साफ पता चलता है कि जेएनयू कैंपस में सुरक्षा बढ़ाए जाने की जरूरत है। कई छात्र संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम स्टूडेंट्स ने कैंपस में सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है।

- Advertisement -
Exit mobile version