माडिफाइ साइलेंसर बेचने वाले शोरूम पर ट्रैफिक पुलिस के छापे,दो पर केस

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

अमानक साइलेंसर बेचने वाले शोरूम संचालक पर पुलिस ने सख्ती शुरु कर दी है। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में तीन शोरूम पर छापे मारे।यहां से भारी मात्रा में गोली और पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले मोडिफाइ साइलेंसर बरामद किए गए। पुलिस ने दो दुकानकारों के विरुद्ध केस दर्ज करवाया है जिसमें एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
डीसीपी(ट्रैफिक) मनीष अग्रवाल के मुताबिक आयुक्त ने अमानक साइलेंसर, फिल्म लगाने पर प्रतिबंध लगा रखा है।आयुक्त कार्यालय से धारा 144 के तहत आदेश भी जारी हो चुके हैं।
इसके बाद भी दोपहिया वाहन(बुलैट) चालक ऐसे साइलेंसर लगवा रहे हैं जो ध्वन‍ि प्रदूषण करते हैं। पुलिस को खबर मिली थी कि साइलेंसर छोटी ग्वालटोली क्षेत्र स्थित शोरूम पर बिक रहे हैं।
बुधवार शाम ट्रैफिक एडीसीपी अनिल पाटीदार,एसीपी सुनील शर्मा की टीम ने अंकित कार डेकोर और छाबड़ा गैलरी पर छापा मारा। पुलिस को अंकित कार डेकोर से 109 और छाबड़ा गैलरी से 8 अमानक साइलेंसर मिले। डीसीपी के मुताबिक दोनों शोरूम संचालकों पर धारा 182 ए(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। इस अपराध में आरोपित पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

Exit mobile version