वारदात : वर्षों से बंद प्लेथिको फार्मा फैक्ट्री से लोहा लूटने की कोशिश, पीथमपुर के स्क्रैप कारोबारी पर साजिश का शक।इंदौर में पुलिस की सख्ती के बाद भी हो गई डकैती।बदमाशों ने कंपनी में फायरिंग भी की।गुजरात-झाबुआ के गैंग पर है वारदात करने का शक।इंदौर। धार रोड स्थित गांव कलारिया में शनिवार रात डकैती की कोशिश हुई।
हथियारबंद आठ बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड पर गोलियां चलाईं और फैक्ट्री में घुसने की कोशिश की। बदमाश फार्मा फैक्ट्री प्लेथिको से लोहा लूटना चाहते थे। छह घंटे बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पीथमपुर के स्क्रैप कारोबारियों पर साजिश का शक है, जो फैक्ट्री से लोहा व मशीनें खरीदना चाहते हैं।
पहले भाग गए थे बदमाश, फिर अलसुबह वापस लौटे* इंदौर डीसीपी जोन-4 आरकेसिंह के मुताबिक बदमाश रात करीब 11 बजे पहुंच गए थे। मौका देख रात दो बजे फैक्ट्री में घुसे, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड इक्ट्ठे हो गए। उस वक्त 11 गार्ड पहरा दे रहे थे। गार्डों ने बदमाशों का सामना किया और उनका सामान (छैनी, हथौड़ी, आरी, कटर, पानी की बोतल) छीन ली।
गार्डों ने कुछ देर इंतजार किया और अपनी-अपनी जगह पहुंच गए।सुबह करीब पांच बजे बदमाश दोबारा आए और गोलियां चलाकर गार्डों को ललकारा। गन पाइंट पर गार्ड को कब्जे में किया। बदमाशों ने कहा कि वे फैक्ट्री में चोरी करेंगे। उन्हें रोका तो गोली मार देंगे। नहीं रोका तो एक लाख रुपये महीना देंगे। सहमत हुए तब भी चोरी करेंगे और विरोध किया तब भी चोरी करेंगे।
काफी देर तक गार्डों से डील होती रही। बंदूक और हथियार देख गार्डों ने चोरी करने की सहमति दे दी।तभी एक गार्ड ने चुपके से पुलिस को काल कर दिया। 20 मिनट बाद पुलिस आ गई। पुलिस देख बदमाश झाड़ियों की तरफ भाग गए। क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक और साइबर एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची।
गार्डों से बदमाशों का हुलिया और हाथों के निशान लेकर छानबीन में जुट गए।नाले में कूदे और तीन किमी दूर तक पीछा कर पकड़ा *एडीसीपी जोन-4* अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक फैक्ट्री के चारों तरफ घना जंगल है। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर छुप गए थे।
पुलिस के जाने के बाद बदमाश भागने के लिए नाले की तरफ गए तो गांव वालों ने आवाज लगा दी। पुलिस ने तीन किमी तक पीछा किया और दो बदमाशों अर्पित और वीरू को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि बदमाश पीथमपुर के शातिर अपराधी राकी उर्फ किशन मालवीय के गिरोह के सदस्य हैं।
मूलत : मंदसौर का रहने वाला राकी घाटाबिल्लौद, पीथमपुर की फैक्ट्रियों से लोहा व कीमती मशीनों की हेराफेरी करवाता है। उसने कुछ दिनों पूर्व प्लेथिको के गार्ड विनोद से लोहा चुराने के संबंध में बात की थी। विनोद ने चोरी से इन्कार कर दिया।
राकी को फैक्ट्री के पुराने गार्ड राजा ने बताया था। राकी का औद्योगिक क्षेत्र के गार्डों से संपर्क है।पुलिस ने वीरू से पूछताछ की और दोपहर तक राकी, अमित व अविनाश को भी पीथमपुर से पकड़ लिया।
आरोपितों से औजार व एयरगन बरामद की है। पुलिस को पता चला कि घाटाबिल्लौद का स्क्रैप कारोबारी टैनी चोरी-लूट का लोहा और स्क्रैप खरीदता है।
