Delhi
‘झीलों का शहर’ बना दिल्ली, अब तक 35 गुलजार, अब ये है सरकार का आगे का प्लान
दिल्ली में घटते भूजल स्तर को सुधारने और बारिश के पानी को संचित करने के उद्देश्य से राजधानी को झीलों का शहर बनाने की कोशिश की जा रही है. इसके तहत दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) 56 झीलों को पुनर्जीवित करने के प्रॉजेक्ट पर काम कर रहा है. जिनमें से अब तक करीब 35 झीलों को पुनर्जीवित किया जा चुका है और दिल्ली जल बोर्ड के समर एक्शन प्लान 2023 के अनुसार, इन झीलों में से 12 झीलों को पुनर्जीवित नहीं किया जा सकता है. दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, लंबे समय से राजधानी में भूजल दोहन के कारण पानी कई जगहों पर काफी नीचे चला गया है. इसके लिए आज के समय की जरूरत है कि बारिश के पानी को बचाया जाए और उससे भूजल स्तर बढ़ाने के प्रयास किए जाएं. यह काम प्राकृतिक झीलों और कृत्रिम झीलों की मदद से किया जा रहा है. दिल्ली पार्क एंड गार्डन सोसायटी ने राजधानी में 1045 झीलों की पहचान की है. इनमें से कुछ झीलें पानी उपलब्ध न होने और कैचमेंट एरिया में बदलाव की वजह से पूरी तरह सूख चुकी हैं. साथ ही, कुछ झीलों में सीवरेज का पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे ये झीलें दूषित हो चुकी हैं. 93 करोड़ की लागत से झीलों को किया जा रहा पुनर्जीवित भूजल स्तर बढ़ाने के लिए डीजेबी ने राजधानी की 56 झीलों को 92.73 करोड़ की लागत से पुनर्जीवित करने का काम शुरू किया था।